Kedarnath Temple शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के द्वार

Kedarnath Temple केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार 11 नवंबर को समाधि पूजा के बाद शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस साल 19 लाख 14 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए, अब अगले छह महीने ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा होगी।उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर 2026 को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार सुबह समाधि पूजा संपन्न होने के बाद पहले गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके बाद सुबह 8:30 बजे मंदिर के मुख्य कपाट भी छह माह के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया।

बुधवार तड़के चार बजे से केदारनाथ मंदिर में समाधि पूजा की प्रक्रिया शुरू हुई। बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराए गए। सुबह ठीक छह बजे गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए गए। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु बाबा केदार के जयकारे लगाते रहे। कपाट बंद होने के इस भावुक अवसर पर भक्तों ने अगले छह महीने के लिए बाबा को विदाई दी।वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की अच्छी संख्या देखने को मिली। कपाट बंद होने तक 19 लाख 14 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इस साल 22 अप्रैल 2026 को सुबह श्रद्धालुओं के लिए केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए थे। इसके बाद छह महीने तक देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे। अब हिमालय की ऊंची वादियों में स्थित केदारनाथ धाम में शीतकाल के दौरान सन्नाटा रहेगा, जबकि बाबा केदार की पूजा और दर्शन का क्रम ऊखीमठ में जारी रहेगा।

कपाट बंद होने के पावन अवसर पर भारतीय सेना के 15 जवानों ने बैंड की मधुर धुनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर मंदिर के मुख्य कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।मुख्य कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई।केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद अगले छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होगी। इस दौरान श्रद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। धार्मिक परंपरा के अनुसार, सर्दियों में भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के कारण केदारनाथ धाम के कपाट बंद रहते हैं। इस अवधि में बाबा की पूजा शीतकालीन गद्दीस्थल पर जारी रहती है।

इससे पहले मंगलवार को नगर पंचायत केदारनाथ की ओर से धाम क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मंदिर परिसर और आसपास बिखरे कूड़े को एकत्र कर नजदीकी एमआरएफ सेंटर पहुंचाया गया जहां कचरे का पृथक्करण और निस्तारण किया जाएगा।

कपाट बंद होने के मद्देनजर धाम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नगर पंचायत के सफाई मित्रों ने विभिन्न स्थानों पर सफाई की गई। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित संस्थाओं और विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए क्षेत्र में सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए

मां यमुना मंदिर के कपाट आज होंगे बंद
यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज पर बुधवार सुबह 10:28 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली गांव रवाना होगी। यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में सुबह 10:28 बजे निर्धारित किया गया है।

मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल और प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बावजूद श्रद्धालुओं को मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना का अवसर मिलता रहेगा। शीतकाल के दौरान खरसाली स्थित मां यमुना के प्राचीन मंदिर में नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की जाएगी।