बुढ़ापे का इंतजार नहीं करता अल्जाइमर! 5-10 साल पहले ही दिखने लगते हैं ये लक्षण

अगर आपको लगता है कि अल्जाइमर सिर्फ बुढ़ापे की बीमारी है, तो एक नई रिसर्च आपको हैरान कर सकती है। हाल ही में हुए एक अध्ययन में यह बात सामने आई है कि 65 साल से कम उम्र में होने वाला अल्जाइमर, ज्यादा उम्र में होने वाले अल्जाइमर से काफी अलग होता है। रिसर्च बताती है कि कम उम्र में इस बीमारी के शिकार होने वाले लोगों के लक्षण और उनकी स्वास्थ्य समस्याएं, उम्रदराज मरीजों से बिल्कुल जुदा होती हैं।

बीमारी का पता चलने से 5 साल पहले की समस्याएं
अध्ययन में पाया गया कि कम उम्र में अल्जाइमर का शिकार होने वाले लोगों में, बीमारी का ठीक-ठीक पता चलने से 5 साल पहले ही कई तरह की स्वास्थ्य दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। रिसर्चर्स के मुताबिक, इस उम्र वर्ग के लोगों में डिप्रेशन, लगातार सिरदर्द, चक्कर आना और मिर्गी जैसी समस्याएं होने का खतरा ज्यादा रहता है। इसके अलावा, मस्तिष्क की चोट, दिमाग की रक्तवाहिकाओं से जुड़ी बीमारियां, थायरॉइड और बहुत ज्यादा शराब पीने से होने वाली समस्याएं भी इनमें अधिक देखी जाती हैं।

6 से 10 साल पहले मिलने लगते हैं ये खास संकेत
‘अल्जाइमर एंड डिमेंशिया: द जर्नल ऑफ द अल्जाइमर एसोसिएशन’ में प्रकाशित इस रिपोर्ट में एक और अहम निष्कर्ष सामने आया है। इसके अनुसार, कम उम्र के मरीजों में बीमारी की पहचान होने से 6 से 10 साल पहले ही कुछ खास लक्षण नजर आने लगते हैं। इनमें कानों में लगातार घंटी बजना और सुनने की क्षमता में कमी आना काफी आम बात है।

दिल की बीमारियों का जोखिम नहीं है मुख्य कारण
अमूमन बढ़ती उम्र के साथ होने वाले अल्जाइमर में हृदय संबंधी जोखिम कारकों को सबसे बड़ी वजह माना जाता है। लेकिन कम उम्र वाले अल्जाइमर के मामले में ऐसा नहीं है। शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि देर से शुरू होने वाले अल्जाइमर की तुलना में, कम उम्र के मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर और खून में वसा की अधिकता जैसी दिक्कतें सामान्य लोगों के मुकाबले ज्यादा आम नहीं थीं। यानी कम उम्र के अल्जाइमर में हार्ट से जुड़ी बीमारियों का उतना बड़ा रोल नहीं होता जितना कि बुजुर्गों में देखा जाता है।