Rudraprayag विकास की नई रफ्तार पर रुद्रप्रयाग – डॉ. आर. राजेश कुमार

Rudraprayag  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में प्रदेशभर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव जनपद रुद्रप्रयाग में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनपद भ्रमण के दौरान प्रभारी सचिव रुद्रप्रयाग एवं आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित पुनाड गदेरे के समीप निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप हो रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : प्रभारी सचिव Rudraprayag

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आमजन की सुविधा से जुड़ी है, इसलिए कार्य में पारदर्शिता और मजबूती दोनों सुनिश्चित की जाएं।प्रभारी सचिव आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि पार्किंग शीघ्र पूर्ण होकर जनता को समर्पित की जा सके। उन्होंने कहा कि समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करना शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

चारधाम यात्रियों को होगा सीधा लाभ

प्रभारी सचिव ने कहा कि रुद्रप्रयाग चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव है और केदारनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालु प्रतिवर्ष यहां से होकर गुजरते हैं। मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण से चारधाम यात्रियों को सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध होगी और शहर के भीतर वाहनों का दबाव भी कम होगा।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा लंबे समय से मुख्य बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समस्या के समाधान की मांग की जा रही थी। इसी के दृष्टिगत शासन द्वारा मुख्य बाजार के समीप मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई। यह परियोजना शहरी यातायात प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया मल्टी लेवल पार्किंग का निरीक्षण
गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर परखी निर्माण कार्यों की प्रगति

मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। सुगम पार्किंग व्यवस्था से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।प्रभारी सचिव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में जवाबदेही तय करना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड खुशवंत सिंह, तहसीलदार रुद्रप्रयाग प्रणव पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।