Nitin Nabin राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायकों को सख्त संदेश दिया कि अगर कोई मनमुटाव है तो घर की बात कमरे के भीतर ही रखें। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से बचें। उन्होंने साफ किया कि संगठन फोरम पर अपनी बात रखें। कोई भी विषय है तो पार्टी हाईकमान से ही चर्चा करें। आगामी चुनाव के मद्देनजर उन्होंने विधायकों की छवि को अहम करार देते हुए कहा कि इसी से पार्टी की छवि भी बनती है। अध्यक्ष नवीन ने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव की 47 सीटों से आगे बढ़ने की जरूरत है। लिहाजा, ये देखा जाए कि हम किस विधानसभा में किन समुदायों तक अभी नहीं पहुंच पाए। उन लोगों के बीच में अपनी पैठ बनाने के लिए काम करें। उन्होंने ये भी बता दिया कि तीन या चार माह बाद वे दोबारा हर विधानसभा से जुड़े एक-एक लक्ष्य पर विस्तार से चर्चा करेंगे। विधायकों और संगठन पदाधिकारियों से पूरी रिपोर्ट ली जाएगी।
सोशल मीडिया पोस्ट पर भी नबीन ने दी नसीहत Nitin Nabin

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंत्रियों , विधायकों , संगठन के नेताओं से सोशल मीडिया में उनके द्वारा की जाने वाली पोस्ट के बारे में भी क्लास ली और कहा कि वो सोशल मीडिया पर क्या लिखते हैं , क्या पोस्ट करते हैं ये अहम होता है ऐसे में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं , उपलब्धियों और गतिविधियों को जनता के बीच जरूर रखें। यही नहीं उन्होंने इशारों इशारों कई मंत्रियों , विधायकों को आइना भी दिखाया।

23 हारी सीटों पर जीत की जिम्मेदारी सांसदों को
अध्यक्ष ने कुशल नेतृत्वकर्ता की तरह इशारों-इशारों में सबकी कमियां गिनाईं। विवादों पर अपना रुख भी स्पष्ट किया। नवीन ने यह संदेश दे दिया कि एकजुटता से ही जीत की हैट्रिक लगेगी। यह भी साफ कर दिया कि घर की बात कमरे के भीतर ही रहनी चाहिए, सोशल मीडिया पर नहीं जानी चाहिए। विधायकों को धरातल पर काम करने का संदेश दिया तो पार्टी अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया। पिछले चुनाव में भाजपा जिन 23 विधानसभा सीटों पर हारी थी, उन पर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष गंभीर नजर आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सीटों पर जीत का दारोमदार राज्यसभा व लोकसभा सांसदों का होगा। संगठन की ओर से भी यहां पूर्णकालिक कार्यकर्ता तैनात किए जाएंगे। 2022 के चुनाव में भाजपा यमुनोत्री, बदरीनाथ, प्रतापनगर, चकराता, ज्वालापुर, भगवानपुर, झबरेड़ा, पिरान कलियर, खानपुर, मंगलौर, लक्सर, हरिद्वार ग्रामीण, धारचूला, पिथौरागढ़, द्वाराहाट, अल्मोड़ा, लोहाघाट, हल्द्वानी, जसपुर, बाजपुर, किच्छा, नानकमत्ता और खटीमा विधानसभा सीट पर हारी थी।

टपकेश्वर महादेव के किए दर्शन, बूथ अध्यक्ष के यहां किया जलपान
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दौरे के अंतिम दिन कई अहम कार्यक्रमों में भाग लिया सुबह सुबह उन्होंने देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की.साथ ही प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. वहीं उसके बाद वो एक बूथ अध्यक्ष कार्यकर्ता के घर जलपान करने पहुंचे। बीजेपी राष्ट्रीय ने बूथ समिति की अहम बैठक में पार्टी के जमीन कार्यकर्ताओं के साथ 2027 विधानसभा चुनावों की बथ स्तरीय तैयारियों पर विस्तृत मंथन किया . राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को बूथ मजबूती का मंत्र दिया. इसके बाद शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में प्रबुद्ध गोष्ठी कार्यक्रम में भी शामिल हुये। इसमें समाज के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और पेशेवर वर्ग के लोगों से नितिन नवीन ने सीधा संवाद किया और सरकार की नीतियों और उपलब्धियों पर चर्चा की।

ऋषिकेश में माँ गंगा की आरती की
इसके पहले दूसरे दिन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन स्वर्गाश्रम में ‘माँ गंगा आरती’ की और ‘साधु-संतों’ के साथ संवाद किया। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष, उत्तराखंड के प्रभारी दुष्यंत गौतम और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित अन्य नेतागण भी उपस्थित रहे। इसके बाद शाम को उन्होंने वहीं ‘प्रसाद’ ग्रहण किया। नवीन ने कहा कि ऋषिकेश के पवित्र परमार्थ निकेतन स्वर्गाश्रम में माँ गंगा की आरती और पूजन में सम्मिलित होना अत्यंत दिव्य और आध्यात्मिक अनुभव रहा। माँ गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवनदायिनी धारा हैं, जिनके आशीर्वाद से देश सदैव प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहा है।

