Uttarakhand Chief Minister 4 जुलाई का दिन उत्तराखंड के लिए किसी जश्न और उत्सव से कम नहीं रहा है। सुबह से देर शाम तक ऋषिकेश से नैनीताल तक , कैबिनेट से आलाकमान तक मुख्यमंत्री धामी के ही चर्चे सुनाई दिए यहाँ तक कि देश की टॉप ट्रेंडिंग न्यूज़ में भी धामी के 5 साल ही ट्रेंड करता दिखा। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने दोनों लगातार कार्यकाल मिलाकर 5 साल पूरे कर लिए हैं। ऐसा कीर्तिमान रचने वाले वे देवभूमि के पहले भाजपा सीएम बन गए है। इस खास अवसर पर उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्टर शेयर कर प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। आइये पढ़ाते हैं उनकी जनता के नाम चिट्ठी और दिखाते हैं दिन भर की ख़ास तस्वीरें –
उत्तराखंड की सेवा मेरा धर्म, प्रदेश की प्रगति ही मेरा संकल्प Uttarakhand Chief Minister

जश्न और प्रदेश भर में मुख्यमंत्री के रूप में 5 साल पूरे करने के दिन लोगों के बीच जोश ,उत्साह और आत्मविश्वास से लबरेज दिख रहे मुख्यमंत्री धामी ने इशारों इशारों में बता दिया कि सिर्फ 2027 ही नहीं 2032 में भी वहीँ नेतृत्व करने के रोडमैप पर आगे बढ़ रहे हैं तभी तो उन्होंने अपने उस विजन के बारे में बताया जो 2035 तक वो पूरा करने का लक्ष्य बना चुके हैं।
उत्तराखंड की जनता को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रिय प्रदेशवासियों, आप सभी के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद से मुख्यसेवक के रूप में जनसेवा के पाँच वर्ष पूर्ण हुए हैं। सेवा, सुशासन और जनकल्याण की यह यात्रा 1.25 करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास, आकांक्षाओं और सहयोग को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के संकल्प के साथ इन पाँच वर्षों में हमने विकास और सांस्कृतिक अस्मिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए।


सीएम धामी ने कहा कि सैनिकों, किसानों, युवाओं और मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए अनेक जनहितकारी निर्णय लिए गए। सौर ऊर्जा, होमस्टे और स्वरोजगार को नई ऊर्जा मिली तथा रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन से पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिली। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली, राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन, ₹1 लाख करोड़ से अधिक निवेश की ग्राउंडिंग तथा सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) में उत्तराखंड के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

इसी जनसेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ भी किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुँचकर जनसमस्याओं के समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँचाने तथा सेवा और सुशासन की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य करेगी। विकसित उत्तराखंड – विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आपके विश्वास, सहयोग और सहभागिता के साथ हम जनसेवा, सुशासन और समृद्धि की इस यात्रा को और अधिक गति और नई ऊँचाइयाँ प्रदान करने के लिए निरंतर संकल्पबद्ध हैं।

ऋषिकेश में मुख्यमंत्री धामी ने ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ (सेवा पखवाड़ा) के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों को देखा , लोगों के बीच अनोखे रंग में नजर आये और लाभार्थियों से बातें कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को जाना। आगामी 15 दिनों तक प्रदेश के सभी ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तर पर ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित हो सके।

