Badrinath Dham Donation Scam बद्रीनाथ धाम का असली गुनहगार कौन ?

Badrinath Dham Donation Scam राम मंदिर से लेकर बदरीनाथ धाम तक जिस चंदा घोटाला विवाद ने करोड़ों देशवासियों को हैरान कर दिया है उसका सच सामने आने वाला है ? क्या बद्रीनाथ धाम में गड़बड़झाला करने वाला असली गुनहगार सामने आने वाला है ? ये सवाल इसलिए है क्योंकि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने अनुशासन एवं प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष कार्यालय में तैनात वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

BKTC द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नौटियाल के विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने पर 3 जुलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया।अब प्राप्त स्पष्टीकरण एवं जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट का परीक्षण करने पर आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए गए। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। समिति ने यह भी माना कि कर्मचारी को वर्तमान पद पर बनाए रखने से जांच प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

इन्हीं तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए जांच की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।उन्हें बीकेटीसी कार्यालय, ज्योतिर्मठ (जनपद चमोली) से संबद्ध किया गया है।BKTC ने स्पष्ट किया है कि समिति प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता के मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।