UP Crime News अब एक खबर रिश्तों के बिखरने की , भरोसे प्यार और परिवार के टूटने की , खबर फतेहपुर से है जहाँ शनिवार की सुबह एक खौफनाक वारदात सामने आई. यहां एक निजी स्कूल की शिक्षिका की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. घर के अंदर पानी के टब में 28 वर्षीय शालिनी यादव का शव मुंह के बल पड़ा मिला. सबसे बड़ा सवाल यह है कि मृतका के सिर और पैरों पर चोट के कई निशान मिले हैं, जो यह बताने के लिए काफी हैं कि मामला सिर्फ डूबने का नहीं, बल्कि कुछ और ही है. पुलिस ने इसे पहली नजर में हत्या मानते हुए मृतका के पति व सरकारी शिक्षक दिलीप यादव को हिरासत में ले लिया है.
मृतक शालिनी एक निजी विद्यालय में शिक्षिका थीं

बता दें कि आरोपी पति दिलीप यादव एक सरकारी शिक्षक है. वह अपनी पत्नी शालिनी और 8 साल के बेटे दर्शिक के साथ करीब छह महीने पहले ही नासेपीर मोहल्ले में एक किराए के मकान में रहने आया था. दोनों की शादी साल 2018 में हुई थी. परिवार की बाहरी जिंदगी सामान्य लग रही थी, लेकिन शनिवार की सुबह इस घर से उठी चीख-पुकार ने सबको झकझोर कर रख दिया.
शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली. पति दिलीप ने पुलिस को जो कहानी सुनाई, वह बेहद संदिग्ध थी. दिलीप के मुताबिक, वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे टहलने के लिए घर से निकले थे. जब वह साढ़े छह बजे वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी पानी के टब में औंधे मुंह पड़ी है. घबराकर वह उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पति के दावे और घटनास्थल की असलियत में जमीन-आसमान का फर्क था. सूचना पाकर जब पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, तो उन्होंने शालिनी के सिर और पैरों पर गंभीर चोट के निशान देखे. पानी में डूबने से मौत होने की बात कहने वाले पति के बयानों और शरीर के जख्मों का मेल न खाने पर पुलिस का शक गहरा गया.
क्या कहती है पुलिस?
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. सीओ सिटी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की तहरीर मिलने पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा. फिलहाल पति दिलीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह साफ हो सकेगी. फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद और आपसी कलह समेत तमाम एंगल से इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने में जुटी हुई है.खबर मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है हम इसके फैक्ट्स की पुष्टि नहीं करते हैं।

