DM Almora News स्कूलों में नशे के खिलाफ अभियान चलाएंगे डीएम अंशुल सिंह

DM Almora News  जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जिला स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता, नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग को विद्यालयों में नशे के विरुद्ध व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के अभिभावकों से नियमित संपर्क बनाए रखें। विद्यार्थियों के व्यवहार में किसी भी प्रकार का असामान्य परिवर्तन दिखाई देने पर तत्काल अभिभावकों को अवगत करायें ।


जिलाधिकारी ने मादक पदार्थों की पहचान एवं जांच के लिए आवश्यक संख्या में ड्रग डिटेक्शन किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों से संबंधित मामलों में निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जाए तथा प्रत्येक स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों के उपचार, परामर्श और पुनर्वास के लिए उचित मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग , समाज कल्याण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा प्रभावित व्यक्तियों को आवश्यक चिकित्सा एवं परामर्श सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने नशामुक्ति केंद्र में योग कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग एवं परामर्श गतिविधियों के माध्यम से उपचाराधीन व्यक्तियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार लाने के प्रयास किए जाएं। साथ ही नशामुक्ति एवं पुनर्वास से संबंधित गतिविधियों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरीश पंत, पुलिस क्षेत्राधिकारी बलवंत रावत, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।