Uttarakhand Tourism Calendar- उत्तराखंड में पर्यटन को अब सिर्फ चारधाम या कुछ चुनिंदा हिल स्टेशनों तक सीमित रखने के बजाय, पूरे साल और पूरे राज्य के पर्यटन स्थलों को एक व्यवस्थित कैलेंडर से जोड़ने की बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। नए टूरिज्म कैलेंडर के जरिए मौसम और पर्यटन सीजन के हिसाब से यह तय किया जाएगा कि किस महीने पर्यटक किस डेस्टिनेशन का रुख कर सकते हैं।
इस नई व्यवस्था में बुग्याल, झीलें, वाइल्डलाइफ, स्नो टूरिज्म, ट्रेकिंग, एडवेंचर, धार्मिक और ग्रामीण पर्यटन समेत कम चर्चित स्थलों को भी शामिल किया गया है। इससे पर्यटकों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी और ऑफ-सीजन में भी नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने का रास्ता खुलेगा। कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक और मैदानी इलाकों से लेकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक पर्यटन गतिविधियों का सालभर का शेड्यूल तैयार किया गया है।
Uttarakhand Tourism Calendar- 20 प्रमुख आयोजन और 21.35 करोड़ का बजट
उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का संशोधित इवेंट कैलेंडर जारी किया है। इसमें वाटर, लैंड और एयरो एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े आयोजनों के साथ-साथ कार रैली, एमटीबी, विंटर कार्निवाल, ट्रेकिंग, पर्यटन कारोबारियों की कन्वेंशन और वेडिंग टूरिज्म को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम शामिल हैं। कैलेंडर में कुल 20 आयोजन दर्ज हैं, जिनके लिए बोर्ड-अनुमोदित कुल बजट 21.35 करोड़ रुपये रखा गया है।
Uttarakhand Tourism Calendar- कैलेंडर में जोड़े गए तीन नए आयोजन

- Himalayan Car Rally 2026 (नवंबर 19-21): यह रैली देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा और नैनीताल से होकर गुजरेगी। इसे भविष्य की ‘अल्टीमेट हिमालयन कार रैली’ के पूर्ववर्ती आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।
- ATOAI Annual Convention (13-16 दिसंबर): बागेश्वर के कौसानी में एडवेंचर टूर Operators Association of India की इस कन्वेंशन का उद्देश्य एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े कारोबारियों को उत्तराखंड से जोड़ना है।
- Weddings in Uttarakhand Conclave (15-20 दिसंबर): नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में प्रस्तावित इस आयोजन का मकसद उत्तराखंड को ‘वेडिंग टूरिज्म’ के एक बड़े गंतव्य के रूप में बढ़ावा देना है।
Uttarakhand Tourism Calendar- कई बड़े आयोजनों की तारीखों में बदलाव

- आदि कैलाश परिक्रमा 2.0 (पिथौरागढ़): अब यह 24 से 26 अक्टूबर 2026 के बीच होगी (अनुमानित बजट: 3 करोड़ रुपये)।
- Ultimate Uttarakhand MTB Challenge (5th Edition): लगभग 700 किमी लंबा यह रूट मुक्तेश्वर से मसूरी (बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्तकाशी होते हुए) 20 से 26 नवंबर के बीच प्रस्तावित है (बजट: 2.50 करोड़ रुपये)।
- टिहरी एयरो फेस्टिवल और नायर वैली फेस्टिवल: टिहरी एयरो और पौड़ी का नायर वैली फेस्टिवल अब जनवरी और फरवरी 2027 में आयोजित किए जाएंगे।
Uttarakhand Tourism Calendar- एडवेंचर और विंटर टूरिज्म को प्राथमिकता

कैलेंडर में एडवेंचर और विंटर टूरिज्म पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है। चमोली में नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा मैराथन, पूरे राज्य में सितंबर से मार्च तक ‘ट्रेक ऑफ द ईयर’, टनकपुर में रिवर राफ्टिंग फेस्टिवल, और विभिन्न जगहों पर पैराग्लाइडिंग कॉम्पिटिशन शामिल हैं। वहीं सर्दियों के लिए पिथौरागढ़ के मुनस्यारी, चमोली के औली और उत्तरकाशी के दयारा विंटर कार्निवाल को फरवरी 2027 में रखा गया है। इसके अलावा, स्थानीय स्तर पर मिलने वाले प्रस्तावों के आधार पर आयोजनों के लिए District Tourism Development Committees को भी 3 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल का कहना है: “अब पर्यटन विभाग द्वारा जो कैलेंडर जारी किया गया है, उसके बाद सालभर उत्तराखंड में पर्यटक अलग-अलग जगह पर कई तरह के पर्यटन का लाभ ले सकेंगे। इससे पर्यटकों के पास न केवल उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में जाने का मौका होगा, बल्कि अपनी इच्छा अनुसार समय के हिसाब से भी पर्यटक स्थल को चुन सकेंगे।”

