Dehradun Triple Murder 600 रुपये के लिए 3 कत्ल ! पढ़कर काँप जाएंगे

Dehradun Triple Murder  हमारे सभ्य समाज को ये किसकी नजर लग गयी है जहाँ एक इंसान का दूसरे इंसान की जान लेने में एक बार भी दिल नहीं पसीजता है। गुस्सा और झगडे का ऐसा वीभत्स नतीजा भी हो सकता है भला ये कौन सोच सकता है। लेकिन ऐसा हो रहा है जहाँ एक बार फिर देहरादून में हुए ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने जो खुलासा किया वो आपके दिल को दहलाने के लिए काफी है। पुलिस ने मामले में राजकुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो इंद्रेश नगर में रहता है और प्लंबर का काम करता है. पुलिस के अनुसार, करीब दो साल से वह बुजुर्ग दंपति के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था.पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन बुजुर्ग दंपति ने ही राजकुमार को प्लंबिंग के काम के लिए घर बुलाया था. काम पूरा होने के बाद 600 रुपये मजदूरी को लेकर विवाद शुरू हुआ, क्योंकि दंपति आरोपी को 300 रुपये देने की बात कह रहे थे.

पेचकस से किया हमला Dehradun Triple Murder


पुलिस के अनुसार, मजदूरी को लेकर बहस बढ़ने के बाद राजकुमार ने पेचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया. इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला आवाज सुनकर वहां पहुंची, तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से वार कर दिया.घटना की जानकारी मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घर के भीतर बुजुर्ग दंपति और महिला घायल अवस्था में अचेत मिले. तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मौके से आरोपी पकड़ा गया

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की.मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है.पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. शुरुआती जांच में आरोपी बुजुर्ग दंपति के घर की ओर अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है.पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

पूछताछ में आरोपी का बयान

पुलिस पूछताछ में राजकुमार ने बताया कि वह घटना वाले दिन प्लंबिंग का काम करने बुजुर्ग दंपति के घर गया था. काम पूरा होने के बाद उसने 600 रुपये मजदूरी मांगी, लेकिन दंपति 300 रुपये देने लगे, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस हो गई.आरोपी के अनुसार, दंपति ने उसे गालियां दीं, जिससे वह गुस्से में आ गया. इसके बाद उसने अपने पास रखे पेचकस से दोनों पर हमला किया.मृतकों की पहचान 75 वर्षीय रजनी कपूर, 80 वर्षीय रमेश कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है. तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं.एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा का रहने वाला है. वर्तमान में वह इंद्रेश नगर में सहारनपुर चौक के पास रहता है.