Viral Love Video पत्नी का प्यार और रात की ड्यूटी … वीडियो वायरल

Viral Love Video  आज के समय में दिनभर की भागदौड़ के बाद जब लोग अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं, तब कई लोगों की ड्यूटी शुरू होती है. सिक्योरिटी गार्ड भी ऐसी ही नौकरी करते हैं, जहां त्योहार हो या रात का वक्त, उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है. ऐसे में घरवालों के साथ वक्त बिताने का मौका भी कम ही मिलता है.सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में HDFC बैंक के एक सिक्योरिटी गार्ड की जिंदगी का ऐसा ही छोटा सा पल देखने को मिला. रात की ड्यूटी के दौरान उसकी पत्नी घर का बना खाना लेकर पहुंची. बैंक बंद था और आसपास ज्यादा हलचल भी नहीं थी. ऐसे में दोनों वहीं बैठ गए और साथ खाना खाने लगे. न कोई खास इंतजाम, न किसी तरह का दिखावा. बस पत्नी अपने पति के पास आई थी, जिससे काम के बीच दोनों कुछ वक्त साथ बिता सकें. यही बात अब लोगों को पसंद आ रही है.

लोग बोले- ‘यही है सच्चा प्यार’ Viral Love Video

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ज्ञानद भट्ट (Gnyanad Bhatt) नाम के यूजर ने यह वीडियो शेयर किया है. करीब 20 सेकंड के इस क्लिप में हल्के नीले रंग की शर्ट पहने एक सिक्योरिटी गार्ड बैंक के बंद गेट के बाहर बने प्लेटफॉर्म पर बैठा दिखाई देता है. उसके सामने एक छोटी-सी टेबल रखी है और पास में उसकी पत्नी बैठी है. पत्नी घर से खाना लेकर आई है. दोनों आराम से भोजन करते और आपस में बातें करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में कोई बड़ी घटना नहीं होती, लेकिन इस छोटे से पल में एक-दूसरे के लिए वक्त निकालने की अहमियत साफ दिखाई देती है. जरा सोचिए, दिनभर काम करने के बाद किसी अपने का पास आकर बैठ जाना कितना सुकून देता होगा. खासकर तब, जब नौकरी की वजह से साथ बैठने का वक्त कम मिलता हो. शायद इसी वजह से इस वीडियो को देखने वाले कई लोग खुद को इससे जोड़ पा रहे हैं.

https://x.com/Asset_Architect/status/2108615237868150921/video/1


वीडियो के साथ शेयर किए गए संदेश में जिंदगी की उन चीजों की ओर ध्यान दिलाया गया है, जिन्हें अक्सर लोग पैसा और करियर की दौड़ में पीछे छोड़ देते हैं. अच्छी नौकरी, बड़ा घर और बैंक बैलेंस अपनी जगह जरूरी हैं, लेकिन मुश्किल वक्त में साथ देने वाला इंसान भी उतना ही मायने रखता है. इस वीडियो में गार्ड की कमाई, उसका घर या उसकी पर्सनल जिंदगी कितनी अच्छी है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है. फिर भी दोनों को साथ बैठकर खाना खाते देखकर लोगों ने रिश्ते में प्यार और परवाह की अहमियत पर बात की. एक यूजर ने अपने कमेंट में कहा कि किसी के लिए खाना बनाना, उसकी जरूरतों का ध्यान रखना और उसकी चिंता करना भी प्यार जताने के तरीके हैं. कई बार इन छोटी-छोटी बातों का महत्व किसी महंगे तोहफे से कहीं ज्यादा होता है.

सोशल मीडिया पर लोगों ने लुटाया प्यार

वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस पल को रिश्तों की खूबसूरत मिसाल बताया. कुछ यूजर्स को इसमें पति-पत्नी के बीच का अपनापन नजर आया, तो कुछ ने कहा कि जिंदगी में ऐसा साथी मिलना किस्मत की बात है. दरअसल, सोशल मीडिया पर अक्सर बड़ी शादियों, महंगे तोहफों और शानदार छुट्टियों के वीडियो छाए रहते हैं. ऐसे में एक साधारण परिवार का यह छोटा सा पल लोगों को अलग तरह से छू रहा है. यहां प्यार जताने के लिए किसी खास दिन या बड़े इवेंट का इंतजार नहीं किया गया. पत्नी ने बस इतना किया कि पति की ड्यूटी के बीच उसके पास पहुंच गई और दोनों ने साथ बैठकर खाना खा लिया. लेकिन कई बार किसी रिश्ते में यही छोटी सी कोशिश सबसे ज्यादा मायने रखती है.