IPL 2026 आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है। इस बीच, विराट कोहली लंदन में अपने परिवार के साथ समय बिताते हुए भी आगामी टूर्नामेंट के लिए नेट प्रैक्टिस करते नजर आए।भारतीय टीम के टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद अब फैंस को इंतजार है आईपीएल का, जिसमें वो अपने पसंदीदा क्रिकेटर्स को मैदान पर तबाही मचाते हुए देख सकते हैं। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से हो रहा है, जिसका अभी आधिकारिक शेड्यूल का एलान बीसीसीआई ने किया तो नहीं, लेकिन शुरुआती 20 दिनों के शेड्यूल का एलान 12 मार्च तक हो जाएगा।
इस टूर्नामेंट से पहले विराट कोहली ने लंदन से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो बल्ला हाथ में थामे नेट प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं। उनका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
IPL2026: Virat Kohli ने लंदन में शुरू की तैयारी
विराट कोहली लंदन में फिलहाल अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं, लेकिन उनका ध्यान अपने अगले मिशन पर है। इंस्टाग्राम पर उन्होंने एक रील शेयर किया है, जिसमें 37 साल के दिग्गज बैटर को नेट्स में जमकर पसीना बहाते हुए देखा जा रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कोहली अपनी पुरानी लय में हैं। उन्होंने अपने सिग्नेचर कवर ड्राइव और कुछ विस्फोटक शॉट्स का अभ्यास किया। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि कोहली की ये तैयारी विरोधी टीमों के लिए एक बड़ी वॉर्निंग है।
डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगी RCB
इस साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए चुनौती और सम्मान दोनों बड़े हैं। IPL 2025 में अपना पहला खिताब जीतने के बाद, RCB इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान पर उतरेगी। पिछले साल के शानदार प्रदर्शन में विराट कोहली की बड़ी भूमिका थी, जहां उन्होंने 15 मैचों में 657 रन बनाए थे।

