PCS Result 2024 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने रविवार आधी रात सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। 947 पदों के मुकाबले 932 पदों पर चयनित हुए अभ्यर्थियों में नेहा पांचाल शीर्ष पर हैं, जबकि उत्तर प्रदेश की अनन्या त्रिवेदी को दूसरा और अभय प्रताप सिंह को तीसरा स्थान मिला। शीर्ष 10 में छह बेटियां हैं और इनमें चार यूपी के विभिन्न जिलों से हैं।
नेहा नाम की तीन डिप्टी कलेक्टर PCS Result 2024

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा घोषित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 के परिणामों में इस बार अद्भुत संयोग देखने को मिला है। परिणाम में नेहा नाम की बेटियों का दबदबा रहा। प्रदेश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा में तीन नेहा ने डिप्टी कलेक्टर के पद पर अपना कब्जा जमाया है। परीक्षा परिणामों में टॉपर्स की सूची में नेहा नाम की गूंज सुनाई दे रही है। नेहा पांचाल ने पहला स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया, बल्कि इस परीक्षा में अव्वल रहीं। इसी तरह नेहा सिंह ने पांचवां स्थान हासिल कर टॉप-10 में जगह बनाई। इसी क्रम में नेहा तोमर ने 11वीं रैंक के साथ डिप्टी कलेक्टर के पद पर अपनी मुहर लगाई। आमतौर पर एक ही नाम के दो अभ्यर्थियों का चयन चर्चा में रहता है लेकिन शीर्ष पदों पर एक ही नाम की तीन महिला अभ्यर्थियों का चयन होना दुर्लभ संयोग माना जा रहा है।

प्रशासन और पुलिस की कमान संभालेंगी 28 बेटियां
सहायक आयुक्त उद्योग के 18 पदों में से सात पर बेटियों ने सफलता हासिल की। वहीं, खंड विकास अधिकारी के पदों पर चयनित 72 में से 24 बेटियां हैं। जबकि समाज कल्याण अधिकारी के नौ में से तीन पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। खास यह है कि जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के एकमात्र पद पर महिला अभ्यर्थी गरिमा सिंह का चयन हुआ है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के पांच में से तीन और जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी के चार में से तीन पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें प्रिया शर्मा, साक्षी गुप्ता व एनाक्षी गुप्ता शामिल हैं। इसके अलावा नायब तहसीलदार के 258 पदों में से 67 पदों पर महिला अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया है। वहीं, डिप्टी जेलर के 60 में से 16 पदों की कमान बेटियां संभालेंगी।

डिप्टी कलेक्टर के पदों पर हुआ इनका चयन
नेहा पांचाल, अनन्या त्रिवेदी, अभय प्रताप सिंह, अनामिका मिश्रा, नेहा सिंह, दीप्ति वर्मा, पूजा तिवारी, अनुराग पांडेय, शुभम सिंह, आयुष पांडेय, नेहा तोमर, संतोष प्रजापति, सुषमा यादव, विनय कुमार उपाध्याय, दीक्षा अग्रवाल, गरिमा शर्मा, करिश्मा चौहान, हर्ष पुष्पाकर, कुमारी ज्योति, सोनम यादव, श्वेता वर्मा, पंकज वर्मा, अनुराग प्रताप सिंह, हरिवेंद्र सिंह गुज्जर, श्वेता गुप्ता, शृष्टि चौधरी, अभय सिंह राजपूत, अंकित पांडेय, श्वेता द्विवेदी, कृतिका चौधरी, सचिन कुमार, सोनाली सिंह, विनय कुमार, अविनाश कुमार, जैसमिन वर्मा, प्राची, मो. गुलरेज खान।

