Pokhu Devta पोखू देवता के मंदिर में न्याय मिलता है !

Pokhu Devta उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के नैटवाड़ गांव में टोंस नदी के किनारे पोखू देवता का मंदिर है। स्थानीय लोग पोखू देवता को न्याय का देवता भी मानते हैं। लोगों का विश्वास है कि जिसको कहीं न्याय नहीं मिलता उसे पोखू देवता के मंदिर में त्वरित न्याय मिलता है। लोगों का पोखू देवता पर अटूट विश्वास है। इस अनोखे मंदिर में देवता के दर्शन करना प्रतिबंधित है। यहां तक कि मंदिर का पुजारी भी देवता की ओर पीठ करके पूजा करते हैं। कहा जाता है कि यहां स्थापित देवता उल्टी और नग्न अवस्था में हैं। यानी देवता का मुंह पाताल में है जबकि कमर का उपरी हिस्सा धरती पर है। ऐसे इस हालत में देवता को देखना अशिष्टता माना जाता है। इसलिए देवता की ओर पीठ करके पूजा करते हैं।

पोखू के मंदिर में लोग दूर-दूर से न्याय मांगने आते हैं। इनमें से ज्यादातर मामले जमीन संबंधी होते हैं। न्याय की चाह रखने वालों को पहले इस मंदिर के कुछ नियमों का पालन करना होता है। क्षेत्र में रहने वाले लोग कोर्ट जाने की बजाय पोखू देवता के पास आते हैं। लोगों का विश्वास है कि यहां आने से उन्हें तुरंत न्याय मिलता है। यहां हर सुबह 9 बजे पोखू देवता की पूजा की जाती है। गाजे-बाजे के साथ करीब 30 मिनट पूजा चलती है। पूजा शुरू करने से पहले पुजारी स्नान के लिए रुपीण नदी से सुराही में पानी भरकर लाता है। जून व अगस्त के माह में क्षेत्र के लोगों की ओर से यहां भव्य मेले का आयोजन किया जाता है।

 

आसपास के करीब एक दर्जन से ज्यादा गांव वाले पोखू देवता को अपना कुल देवता मानते हैं। क्षेत्र के प्रत्येक गांव में दरांतियों और चाकुओं के रूप में देवता की पूजा की जाती है। पोखू देवता को कर्ण का प्रतिनिधि और भगवान शिव का सेवक माना गया है। मान्यता है कि पोखू देवता का स्वरूप डरावना और अपने अनुयायियों के प्रति कठोर स्वभाव का था। यही कारण है कि क्षेत्र के लोग आज भी चोरी या फिर कोई अन्य अपराध करने से बहुत डरते हैं। यह मंदिर सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

कैसे पहुंचें पोखू देवता के मंदिर

पोखू देवता का मंदिर नैटवाड़ गांव में है। यहां पहुंचने के लिए चकराता से शिमला जाने वाले मार्ग पर स्थित त्यूणी जाना होता है। यहां से लोहे के पुल पर एक संकीर्ण रास्ता निकलता है, जो यात्रियों को पोखू देवता मंदिर ले जाता है। नैटवाड़ से दिल्ली की दूरी करीब 400 किलोमीटर और देहरादून की दूरी करीब 155 किलोमीटर है। यहां से नजदीकी हवाई अड्डा और रेलवे स्टेशन देहरादून में है।