सुकून भरी गहरी नींद के लिए सोने से पहले करें ये योगासन

रात को बिस्तर पर जाने के बाद भी अगर देर तक करवटें बदलनी पड़ें, मन शांत न हो और सुबह उठने पर शरीर थका-थका महसूस हो, तो यह इनसोम्निया की ओर इशारा हो सकता है। आज की फास्ट लाइफ, मानसिक दबाव और अनियमित लाइफस्टाइल के कारण यह समस्या आम होती जा रही है।

अच्छी नींद न केवल शरीर को आराम देती है, बल्कि दिमाग को भी तरोताजा रखती है। ऐसे में अगर नींद पूरी न हो तो इसका असर पूरे दिन की एनर्जी और सेहत पर पड़ता है। योग के कुछ आसान आसन शरीर और मन को शांत करके नेचुरल तरीके से नींद लाने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ योगासन के बारे में।

अच्छी नींद के लिए करें ये योगासन
बालासन- बालासन शरीर और मन को गहराई से आराम देने वाला आसन है। इसे करने के लिए घुटनों के बल बैठें, शरीर को आगे झुकाएं और माथा जमीन पर टिकाएं। दोनों हाथों को आगे की ओर फैलाएं। इस आसन से दिमाग को शांति मिलती है, तनाव कम होता है और शरीर रिलैक्स होकर नींद के लिए तैयार होता है।
विपरीत करणी आसन- यह आसन दिनभर की थकान दूर करने में बहुत असरदार माना जाता है। इसे करने के लिए दीवार के पास लेट जाएं और पैरों को सीधा ऊपर दीवार पर टिकाएं। हाथों को आराम से बगल में रखें और गहरी सांस लें। यह आसन ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर कर शरीर को शांति देता है।
शवासन- शवासन में पीठ के बल लेटकर पूरे शरीर को ढीला छोड़ दिया जाता है। आंखें बंद करके धीरे-धीरे सांस लें और छोड़ें। यह आसन शरीर की थकान दूर करता है, मानसिक तनाव कम करता है और गहरी नींद आने में मदद करता है।
उत्तानासन- उत्तानासन करने के लिए सीधे खड़े होकर धीरे-धीरे आगे की ओर झुकें और हाथों को पैरों के पास ले जाएं। यह आसन दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाता है और मानसिक थकान को कम करता है। इससे स्ट्रेस और एंजाइटी कम होती है, जो अच्छी नींद के लिए जरूरी है।
भ्रामरी प्राणायाम- भ्रामरी प्राणायाम में आराम से बैठकर आंखें बंद करें, गहरी सांस लें और मधुमक्खी जैसी आवाज निकालें। यह प्राणायाम दिमाग की बेचैनी और तनाव को कम करता है, जिससे मन शांत होता है और नींद बेहतर आती है।
सुखासन में ध्यान- सुखासन में आराम से बैठकर आंखें बंद करें और अपनी सांसों पर ध्यान केंद्रित करें। कुछ मिनट तक ऐसा करने से मन की उलझनें कम होती हैं और मानसिक शांति मिलती है।