अक्टूबर में धामी सरकार का अंतिम मानसून सत्र !

उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है. प्रदेश सरकार ने 26 अक्टूबर से पहले सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है. हालांकि अभी तारीख की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा मानसून सत्र 26 अक्टूबर से पहले होना है. जिसके लिए सरकार के स्तर पर तैयारियां हो गई हैं. ऐसे में जल्द ही सत्र के लिए स्थान का चयन कर लिया जाएगा. जिस स्थान पर सभी लोगों की सहमति होगी, वहां पर मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा. मानसून सत्र में अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सत्र में अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी चल रही है. जिसके चलते वित्त विभाग ने सभी विभागों से 18 सितंबर तक बजट प्रस्ताव मांगे हैं. गौरतलब है कि धामी सरकार के वर्तमान कार्यकाल का यह अंतिम मानसून सत्र होगा, ऐसे में इस सत्र के दौरान महत्वपूर्ण विधेयकों और महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा हो सकती है.

पिछले साल धामी सरकार ने मानसून सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित किया था. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इस साल भी विधानसभा मानसून सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के आयोजित हो सकती है. हालांकि जगह को लेकर भी अब तक कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है. मुख्यमंत्री के मुताबिक सबकी सहमति से जगह और तारीख निश्चित की जाएगी.