फिन एलेन ने टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में बना डाला ‘हवाई रिकॉर्ड’

न्‍यूजीलैंड के विस्‍फोटक ओपनर फिन एलेन ने बुधवार को टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में शतक जड़कर खूब वाहवाही लूटी। टूर्नामेंट में अजेय रही साउथ अफ्रीका के खिलाफ एलेन के बल्‍ले ने आग उगली और केवल 33 गेंदों में शतक जड़ दिया।

एलेन की पारी के दम पर न्‍यूजीलैंड ने टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के फाइनल में जगह बनाई और साउथ अफ्रीका का सफर समाप्‍त किया। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और आठ छक्‍के जड़े। इसके साथ ही एलेन ने मौजूदा टूर्नामेंट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया।

एलेन का धांसू रिकॉर्ड
फिन एलेन टी20 वर्ल्‍ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जड़ने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। एलेन ने मौजूदा टूर्नामेंट में 8 मैचों में 20 छक्‍के जमाए। फाइनल में इसकी संख्‍या में बढ़ोतरी होने की पूरी उम्‍मीद है। बता दें कि कीवी बल्‍लेबाज ने शिमरोन हेटमायर का रिकॉर्ड तोड़ा। कैरेबियाई खिलाड़ी ने मौजूदा टी20 वर्ल्‍ड कप में 19 छक्‍के जमाए।

पाकिस्‍तान के साहिबजादा फरहान इस लिस्‍ट में तीसरे स्‍थान पर काबिज हैं। फरहान ने 18 छक्‍के जड़े। 2024 टी20 वर्ल्‍ड कप में 17 छक्‍के जड़ने वाले वेस्‍टइंडीज के बल्‍लेबाज निकोलस पूरन इस लिस्‍ट में चौथे स्‍थान पर काबिज हैं। वेस्‍टइंडीज के पूर्व विस्‍फोटक ओपनर क्रिस गेल ने 2012 में 16 छक्‍के जड़े थे और वो इस लिस्‍ट में पांचवें स्‍थान पर काबिज हैं।

टी20 वर्ल्‍ड कप के एक एडिशन में सर्वाधिक छक्‍के जड़ने वाले बल्‍लेबाज
20 – फिन एलेन (2026)
19 – शिमरोन हेटमायर (2026)
18 – साहिबजादा फरहान (2026)
17 – निकोलस पूरन (2024)
16 – क्रिस गेल (2012)
16 – रहमानुल्‍लाह गुरबाज (2024)

यहां भी अव्‍वल फिन एलेन
फिन एलेन मौजूदा टी20 वर्ल्‍ड कप में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जड़ने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। एलेन ने टूर्नामेंट में अब तक 20 छक्‍के जमाए और फाइनल में इसकी संख्‍या में बढ़ोतरी होने की उम्‍मीद है। एलेन ने वेस्‍टइंडीज के शिमरोन हेटमायर को पीछे छोड़ा, जिन्‍होंने 19 छक्‍के जमाए थे।

भारत का कोई बल्‍लेबाज इस लिस्‍ट में आस-पास भी नहीं है। भारत की तरफ से ईशान किशन ने सात मैचों में 12 छक्‍के जमाए और वो टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जड़ने वाले बल्‍लेबाजों की लिस्‍ट में 10वें स्‍थान पर हैं।

टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में सबसे ज्‍यादा सिक्‍स जड़ने वाले बल्‍लेबाज
फिन एलेन (न्‍यूजीलैंड) – 8 मैचों में 20 छक्‍के
शिमरोन हेटमायर (वेस्‍टइंडीज) – 7 मैचों में 19 छक्‍के
साहिबजादा फरहान (पाकिस्‍तान) – 7 मैचों में 18 छक्‍के
दासुन शनाका (श्रीलंका) – 7 मैचों में 15 छक्‍के
रेयान रिकलटन (साउथ अफ्रीका) – 8 मैचों में 15 छक्‍के

फाइनल में पहुंचा न्‍यूजीलैंड
बता दें कि कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स पर खेले गए टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्‍लेबाजी की और 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। जवाब में न्‍यूजीलैंड ने केवल 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया।

इस तरह न्‍यूजीलैंड ने मौजूदा टी20 वर्ल्‍ड कप के फाइनल में अपनी जगह पक्‍की की। अब फाइनल में कीवी टीम का सामना दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।