Adventure in Uttarakhand देवभूमि उत्तराखंड में कई ऐसे दर्शनीय स्थल हैं, जो प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन के साथ ही धार्मिक पर्यटन का भी महत्वपूर्ण केंद्र हैं. इन्हीं में से एक है पिथौरागढ़ जिले की दारमा घाटी में स्थित पंचाचूली पर्वत श्रृंखला, जो पांच पर्वत चोटियों का एक समूह है. धार्मिक ग्रंथों में इसे पंचशिरा के नाम से भी जाना जाता हैं. स्थानीय लोग इसे पांडव चोटी के नाम से भी संबोधित करते आ रहे हैं.मान्यता है कि ये युधिष्ठिर, अर्जुन, भीम, नकुल और सहदेव यानी पांचों पांडवों के प्रतीक हैं और वृद्धावस्था में पांडवों ने इन्हीं पांच चोटियों से होते हुए स्वर्ग की ओर प्रस्थान किया था. पांडवों ने पंचाचूली पर्वत पर ही आखिरी बार भोजन बनाया था. इसके पांच शिखरों पर पांडवों ने पांच चूल्हे बनाये थे, इसलिए यह स्थान पंचाचूली के नाम से जाना जाता है.

उत्तराखंड के कुमाऊं अंचल में बर्फ से ढकी पांच ऐसी चोटियां है, जो आसमान को चूमती है और एक अनोखा नजारा आंखों के सामने पेश करती है. इन्हीं चोटियों को पंचाचूली पर्वत (Panchachuli Mountains) कहा जाता है. यह खूबसूरत वादियां कुमाऊं क्षेत्र के पूर्वी भाग में दारमा घाटी के दुग्तू के करीब बसी हुई है, जहां का नजारा देख पर्यटक हैरान रह जाते हैं. बता दें कि यह हिल स्टेशन समुद्र तल से लगभग 2,200 मीटर ऊंचाई पर बसा हुआ है.
एडवेंचर पंसद लोगों के लिए परफेक्ट है यह जगह Adventure in Uttarakhand

जो लोग एडवेंचर पसंद करते हैं और अनुभवी हैं, उनके लिए यह जगह इसलिए बेस्ट है क्योंकि यहां मौजूद इन चोटियों की ऊंचाई लगभग 6,334 मीटर से लेकर 6,904 मीटर के बीच है. इतनी ज्यादा ऊंचाई होने के कारण यहां कई बार बर्फीले तूफान आते रहते हैं और यहां मौजूद बर्फ इसकी चढ़ाई को बहुत चुनौतीपूर्ण बना देती है. मुश्किल मौसम होने के कारण यह जगह विशेष रूप से अनुभवी और साहसी पर्वतारोहियों को अपनी ओर आकर्षित करती है. अगर आप यहां जाने का प्लान बना रहे हैं, तो मार्च से जून और सितंबर से नवंबर के बीच का समय सबसे अनुकूल माना जाता है.

ट्रेकिंग के लिए बेस्ट हैं यह जगहें
पंचाचूली क्षेत्र ट्रेकिंग पसंद करने वाले लोगों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं माना जाता. यहां कई शानदार ट्रेकिंग रूट हैं, जहां से बर्फ से ढके पहाड़, हरे-भरे मैदान और खूबसूरत घाटियों का मनमोहक नजारा देखने को मिलता है. खालिया टॉप ट्रेक (Khalia Top Trek) से पंचाचूली की चोटियों का शानदार व्यू दिखाई देता है, जबकि मिलम ग्लेशियर ट्रेक (Milam Glacier Trek) एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए एक बेहतरीन और चुनौतीपूर्ण रास्ता है, जो ऐतिहासिक व्यापारिक मार्गों से होकर गुजरता है. वहीं रालम ग्लेशियर ट्रेक (Ralam Glacier Trek) उन लोगों के लिए खास है, जो प्रकृति की गोद में सुकून और शांति का अनुभव करना चाहते हैं, क्योंकि यहां भीड़ कम होती है और प्राकृतिक सुंदरता भरपूर देखने को मिलती है.

