रात में नींद खुलना इन बीमारियों का है संकेत

रात में एक-दो बार नींद खुलना काफी आम बात है, लेकिन अगर आपकी नींद बार-बार टूटती है और फिर दोबारा सोने में परेशानी होती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हैदराबाद में स्थित यशोदा हॉस्पिटल्स के क्लिनिकल और इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. वी. नागार्जुन का कहना है कि रात में सोने के दौरान बार-बार नींद खुलना कई बार शरीर में छिपी बीमारियों का संकेत भी हो सकती है। अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी हो सकता है। आइए डॉक्टर से विस्तार से जानते हैं-

लगातार नींद खुलने का कारण तनाव और एंग्जायटी होती है। कई बार मानसिक तनाव, चिंता या ज्यादा सोचने की आदत रात में बार-बार नींद टूटने की सबसे बड़ी वजहों में से एक है। ऐसे लोगों को अक्सर रात में अचानक आंख खुलना, बेचैनी महसूस होना या दोबारा नींद न आना जैसी समस्याएं होती हैं। डॉक्टर कहते हैं कि रात में सोते समय बार-बार नींद खुलने के पीछे स्लीप एपनिया हो सकत है। इस स्थिति में सोते समय सांस रुक-रुक कर चलती है। इसकी वजह से व्यक्ति की नींद बार-बार टूट सकती है। तेज खर्राटे, सुबह सिर दर्द और दिनभर थकान इसके आम संकेत माने जाते हैं।

थायराइड की समस्या भी है नींद टूटने की वजह

थायराइड हार्मोन का असंतुलन भी नींद को प्रभावित कर सकता है। मुख्य रूप से हाइपरथायराडिज्म से जूझ रहे लोगों में दिल की धड़कन तेज होने लगती है, जिसकी वजह से घबराहट और बेचैनी हो सकता है। इसकी वजह से रात में नींद बार-बार खुल सकती है। ब्लड शुगर लेवल बढ़ने पर बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है, जिससे रात में कई बार उठना पड़ता है। अगर इसके साथ ज्यादा प्यास लगना या थकान भी महसूस हो रही है, तो शुगर टेस्ट करवाना जरूरी हो सकता है।

डिप्रेशन सिर्फ मूड से जुड़ी समस्या नहीं है, इसका असर नींद पर भी पड़ता है। कई लोगों में डिप्रेशन की वजह से बहुत जल्दी नींद खुल जाती है और फिर दोबारा नींद नहीं आती। Disclaimer : रात में बार-बार नींद खुलना हमेशा सामान्य नहीं होता। कई बार यह शरीर में मौजूद किसी बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। इसलिए अगर यह समस्या लगातार बनी हुई है, तो समय रहते जांच और सही इलाज करवाना जरूरी है।