हिंदू धर्म में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व होता है और घर पर उनकी पूजा लोग विधि-विधान से करते हैं। भगवान शिव के शिवलिंग स्वरूप की पूजा करने के लिए कुछ विशेष नियमों का पालन जरूरी माना जाता है, जिससे पूजा का पूर्ण फल प्राप्त मिल सके।
ऐसे ही अगर आप शिवलिंग को घर पर रखते हैं तो उसके भी कुछ नियम बनाए गए हैं। अक्सर देखा जाता है कि लोग शिवलिंग की स्थापना घर के मंदिर में न करके घर में रखे किसी पौधे के गमले में कर देते हैं। यही नहीं कई लोग तुलसी के गमले में भी शिवलिंग रख देते हैं।
मन में एक सवाल यह आता है कि क्या ऐसा करना शास्त्रों के अनुसार सही है? अगर आप भी तुलसी के गमले में शिवलिंग रखते हैं तो यहां इसके लिए बताए नियमों के बारे में जरूर पढ़ें।
तुलसी के गमले में शिवलिंग रखना ठीक है?
शिव पुराण में बताया गया है कि शिवलिंग पर तुलसी नहीं चढ़ानी चाहिए, इस वजह से तुलसी के गमले में भी शिवलिंग रखना शास्त्र संवत नहीं माना जाता है।
शिव महापुराण में लिखी कथा के अनुसार, तुलसी का पूर्व जन्म में नाम वृंदा था, जो जालंधर नामक राक्षस की पत्नी थीं। जालंधर वैसे तो भगवान शिव का ही अंश था, लेकिन अपने बुरे कर्मों की वजह से भगवान शिव ने जालंधर का वध कर दिया।
वृंदा पतिव्रत स्त्री थीं, इस वजह से शिव जी को जालंधर के वध का जिम्मेदार मानते हुए वो हमेशा के लिए भगवान शिव से विमुख हो गईं। इसी कारण से आपको कभी भी तुलसी के साथ शिवलिंग नहीं रखना चाहिए।
शिवलिंग को किस पौधे में के साथ रखा जा सकता है
वैसे तो शिवलिंग को घर के मंदिर में रखना सबसे ज्यादा शुभ है, लेकिन अगर आप इन्हें किसी पौधे के साथ रखना चाहते हैं तो शमी का पौधा सबसे शुभ माना जाता है।
इसके साथ ही, अगर घर में गमले में बेलपत्र का पौधा लगा है तो आप उसके पास भी शिवलिंग को रख सकते हैं। भगवान शिव को शमी और बेलपत्र अत्यंत प्रिय होता है, इस वजह से शिवलिंग को इन पौधों के पास रखना भी शुभ होता है।
हालांकि, अगर आप शमी के पौधे के पास शिवलिंग रख रहे हैं तो ध्यान रखें कि शमी के गमले के भीतर शिवलिंग रखने के बजाय इस गमले के पास किसी साफ चौकी पर शिवलिंग की स्थापना करें।
क्या गमले के भीतर शिवलिंग रखना ठीक है?
अगर आप घर में शिवलिंग की स्थापना कर रहे हैं तो इसे किसी गमले में रखने के बजाय मंदिर या आस-पास के किसी साफ स्थान पर ही रखें।
घर में शिवलिंग की स्थापना हमेशा सही नियमों से ही करनी चाहिए जिससे उनकी पूजा का पूर्ण फल मिले। जिस स्थान पर शिवलिंग रखें वहां जल लहरी भी होनी चाहिए।
अगर आप भी अपने घर पर गमले में शिवलिंग रखते हैं तो आपको इसे सही ज्योतिष नियम के अनुसार ही रखना चाहिए।

