Packaged Poison आपके बच्चे के टिफिन में ‘पैकेटबंद जहर’ तो नहीं ?

Packaged Poison सुप्रीम कोर्ट की हालिया सख्त टिप्पणी ने पैकेज्ड फूड पर फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल लगाने की राष्ट्रीय बहस को तेज कर दिया है। बाजार अनुसंधान फर्म आइएमएआरसी के मुताबिक, भारत का पैकेज्ड फूड बाजार 137.25 अरब डॉलर ( लगभग 11.87 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच गया है। आज हर उपभोक्ता के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि हम जो खा रहे हैं, क्या वाकई उसका सच जानते हैं? विशेषकर तब, जब देश के 4 करोड़ से अधिक मोटे और अत्यधिक वजन वाले बच्चों को चतुर विज्ञापनों के जरिए सीधे निशाना बनाया जा रहा है। पैकेट पर छपी चेतावनी हमें केवल आगाह कर सकती है, लेकिन विवेकपूर्ण चयन का रास्ता पूरी तरह हमारे अपने हाथ में है।

Packaged Poison

अक्सर पैकेट के सामने का हिस्सा ‘नेचुरल’, ‘मल्टीग्रेन’, ‘हाई फाइबर’ और ‘बेक्ड’ जैसे भ्रामक शब्दों से हमें रिझाता है। सामने के इस चटक रंग के छलावे में मत आइए, पैकेट को उलटकर पीछे लिखी सामग्री और पोषण तालिका को बारीकी से पढ़िए। यह जांचिए कि उसमें सबसे प्राथमिक चीजें क्या हैं? वहां शुगर सिर्फ चीनी के नाम से नहीं, बल्कि ग्लूकोज सिरप, फ्रक्टोज, डेक्सट्रोज, इन्वर्ट सिरप और माल्टोडेक्सट्रिन जैसे दर्जनों छद्म नामों के पीछे छिपी होती है। ठीक इसी तरह नमक भी सोडियम के अलग-अलग रूपों में मौजूद रहता है।

आधुनिक फूड टेक्नोलॉजी हमारी आंखों, नाक और जीभ को मूर्ख बनाने में माहिर हो चुकी है। प्राकृतिक भोजन का अपना रंग और स्वाभाविक स्वाद होता है, लेकिन फैक्ट्रियों में कृत्रिम रंग, प्रिजर्वेटिव्स और स्टेबलाइजर्स का ऐसा घातक कांबिनेशन मिलाया जाता है जो प्रकृति के मूल स्वरूप को नष्ट कर देता है। चिकित्सा विज्ञान के बड़े वैश्विक अध्ययनों के अनुसार, अल्ट्रा-प्रोसेस्ड भोजन का उपभोग महज 10 प्रतिशत बढ़ाने से भी हृदय रोगों का जोखिम 10 प्रतिशत से अधिक बढ़ जाता है। ये एडिटिव्स हमारे पाचन तंत्र को भारी नुकसान पहुंचाते हैं।

हमें बाजार में बिकने वाले उस औद्योगिक भोजन से सावधान रहना होगा, जिसे पारंपरिक बताकर बेचा जा रहा है। घर में ताजा बने भारतीय खाने और फैक्ट्रियों में महीनों तक सुरक्षित रखे गए पैकेज्ड फूड में जमीन-आसमान का अंतर है। पारंपरिक लिख देने भर से कोई उत्पाद सेहतमंद नहीं हो जाता।चिंता की बात तब होती है जब हमारे बच्चों का नाश्ता, स्कूल का टिफिन, शाम की भूख और डेजर्ट पूरी तरह पैकेटों पर निर्भर हो जाते हैं, जिससे हमारी डाइट का ढांचा ही बिगड़ जाता है।

अल्ट्रा-प्रोसेस्ड भोजन की जीत ही यही है कि पेट भरने के बाद भी कृत्रिम स्वाद के कारण हम इसे खाते चले जाते हैं। हमें अपनी और अपने बच्चों की जीभ को दोबारा ट्रेन करना होगा। बच्चों को फलों और सब्जियों की प्राकृतिक मिठास का अनुभव लेने दें।शुरुआत में फल या सादी दाल फीकी लग सकती है, लेकिन धीरे-धीरे हमारी स्वाद ग्रंथियां इसके अनुकूल हो जाती हैं। हमारी भारतीय रसोइयों में भुने चने, मूंगफली, मखाने, पोहा, ढोकला, मुरमुरे, शकरकंद और बाजरा-ज्वार जैसे सैकड़ों सेहतमंद विकल्प मौजूद हैं। बच्चों को डराने के बजाय उन्हें भोजन बनाने में शामिल करें और पैकेट के पीछे की सामग्री की तुलना करना सिखाएं।