Haridwar DM हरिद्वार के जिलाधिकार मयूर दीक्षित का गुस्सा तब फूट पड़ा जब वो मायापुर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बहादराबाद का औचक निरीक्षण करने और कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने निकले थे । निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति , परिसर में उगी घास एवं झाड़ियों की कटान न होने और गंदगी का नजारा देखा तो उनकी त्योरियां चढ़ गयी और उन्होंने मौके पर स्वच्छता व्यवस्था न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने परिसर की तत्काल साफ-सफाई कराने, घास एवं झाड़ियों की कटान सुनिश्चित करने तथा कार्यालय को व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय का वातावरण ऐसा होना चाहिए जिससे आमजन को बेहतर सुविधा और सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो।
गंदगी देख भड़के हरिद्वार डीएम ! Haridwar DM

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षा के अधिकार (आरटीई) अधिनियम के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरटीई से संबंधित सभी मामलों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि पात्र बच्चों को शिक्षा का अधिकार बिना किसी भेदभाव और अनावश्यक विलंब के उपलब्ध हो।उन्होंने निरीक्षण के दौरान कार्यालय में उपस्थित पंजिका चेक की और सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलता एवं पारदर्शिता के साथ तथा सभी पत्रावलियों का रख रखाव ठीक ढंग से करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परिसर में प्रस्तावित पुस्तकालय स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय की स्थापना की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि इसे शीघ्र विकसित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों को अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए है कि इस संबंध में शासन स्तर पर पत्राचार करे ताकि जल्द से जल्द धनराशि स्वीकृत हो सके जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग से जुड़े सभी कार्यालय जनहित से सीधे जुड़े हैं, इसलिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी,अनुशासन और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी,जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

