Haridwar Kumbh 2027 कुंभ मेला-2027 की तेज हुई तैयारियां

Haridwar Kumbh 2027 कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में अवस्थापना विकास से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने के साथ ही मेला प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सुझावों और फीडबैक के अनुरूप योजनाओं को अंतिम रूप देने की पहल तेज कर दी है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों, व्यापारियों, प्रबुद्धजनों एवं आम नागरिकों से निरंतर संवाद किया जा रहा है, ताकि कुंभ मेला क्षेत्र में होने वाले विकास कार्य स्थानीय आवश्यकताओं और जनसुविधाओं के अनुरूप हों।

लोगों के सुझावों को प्राथमिकता से सुना जाए Haridwar Kumbh 2027

मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाते समय स्थानीय लोगों के सुझावों को प्राथमिकता से सुना जाए। उन्होंने कहा कि मेला प्रशासन और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी क्षेत्र में जाकर लोगों से संवाद करें और उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों के अनुरूप कार्यों को बेहतर स्वरूप दें। मेलाधिकारी सोनिका ने शंकर आश्रम चौक, अवधूत मंडल मार्ग, भगत सिंह चौक, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन तथा जटवाड़ा पुल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के साथ ही प्रस्तावित योजनाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शंकर आश्रम चौक एवं अवधूत मंडल मार्ग पर चल रहे सड़क सुधार और फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से भी कार्यों के संबंध में सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि यातायात के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोगों की मांग पर इस क्षेत्र में सड़क के मध्य डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार नगर में प्रमुख मंदिरों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों तक सुगम पैदल आवागमन सुनिश्चित करने के लिए फुटपाथ निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ ही कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।


ज्वालापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने सड़क सुधार, सौंदर्यीकरण एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं तथा कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों की सुविधा और उनके सुझावों का पूरा ध्यान रखा जाए। इस दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए के सचिव प्रत्यूष कुमार सिंह, सीओ यूके मलिक, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।