Almora DM News आपदा प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – अंशुल सिंह DM

आशीष तिवारी की रिपोर्ट –

Almora DM News  उत्तराखंड में जारी बारिश और मौसम के बदलते रुख को देखते हुए जहाँ सरकार ने चार धाम यात्रा और टूरिज्म का लुत्फ़ लेने सैलानियों को सेफ्टी बरतने की हिदायत दी है तो वहीँ आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम में खुद सचिव नज़ारे जमाये दिखाई दिए हैं। इसी कड़ी में अल्मोड़ा जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड़ में आ गया है और आपदा चेतावनी को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं नगर आयुक्त की बैठक करते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों तथा सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्क रहते हुए अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम अंशुल सिंह ने आपदा प्रबंधन पर दिए कड़े निर्देश Almora DM News


जिलाधिकारी ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील मार्गों तथा अन्य संभावित खतरे वाले स्थानों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जोखिम की आशंका वाले भवनों का समय रहते आकलन किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर ऐसे भवनों को खाली कराकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उपजिलाधिकारी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर मार्गों की अद्यतन जानकारी प्राप्त करते रहें। सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में उसे खोलने के लिए आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं तथा मार्गों की स्थिति की जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा प्रबंधन तंत्र को देने के निर्देश दिए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में विलंब न हो। उन्होंने स्थानीय स्तर से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा , उपजिलाधिकारी जसमीत कौर एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल उपस्थित रहे। अन्य सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।