Almora News डीएम अंशुल सिंह ने बताई कृषि में अल्मोड़ा की उपलब्धियाँ

Almora News महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव राधिका झा ने विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जनपद में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता सहित संबंधित विभागों की गतिविधियों, उपलब्धियों तथा कार्यों के क्रियान्वयन में सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी अंशुल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने जनपद में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों, उनकी प्रगति तथा क्रियान्वयन में सामने आ रही चुनौतियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

Almora News

संयुक्त सचिव राधिका झा ने कहा कि जनपद की स्थानीय आवश्यकताओं, भौगोलिक परिस्थितियों एवं व्यावहारिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अल्मोड़ा को कृषि के एक मॉडल जनपद के रूप में विकसित करने का प्रयास करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना तथा खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। योजना के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए जनपद एवं क्षेत्रवार माइक्रोप्लानिंग करते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए और उसे धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने तथा विभागीय प्रयासों को परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष जोर दिया।

संयुक्त सचिव ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद स्तर पर एक टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स के माध्यम से संबंधित विभागों के कार्यों में समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र , परियोजना निदेशक केएन तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।