Khelotsav-2026’ SGRRU कई खेल , कई खिलाड़ी और चुनौती बेहतरीन प्रदर्शन की जी हाँ श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में आजकल प्रतिभाशाली खिलाड़ी हुनर का जलवा लुटाकर तालियां बटोर रहे हैं। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘खेलोत्सव-2026’ में विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में एनसीसी बैंड, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स और विश्वविद्यालय के सभी 11 संघटक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अनुशासित परेड के माध्यम से खेल भावना, एकता और अनुशासन का संदेश दिया। 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में 15 विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें 5000 से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे।

खेलोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं – श्रीमहंत जी महाराज Khelotsav-2026’ SGRRU
खेलोत्सव-2026 के उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। खेलोत्सव के चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी, सचिव डॉ. एसपी जोशी और योग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता छात्र सुमीर ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने खिलाड़ियों, आयोजन समिति, फैकल्टी, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को खेलोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ. वाणी शर्मा ने प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज का संदेश और आशीर्वचन खिलाड़ियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

11 संघटक स्कूलों के विद्यार्थियों ने निकाली आकर्षक परेड
उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के सभी 11 संघटक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने परेड में भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। एनसीसी की 11 यूके बटालियन के अंडर ऑफिसर आदर्श भंडारी और अंडर ऑफिसर नीलम ने कैडेट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा एवं राष्ट्रीय स्तर की रजत पदक विजेता दिव्या रावत ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। वहीं, विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने खेल मशाल के साथ ट्रैक का चक्कर लगाकर प्रतिभागियों में उत्साह का संचार किया।

गढ़वाली लोक संगीत और योग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
खेलोत्सव के उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। गढ़वाली लोक संगीत पर आधारित प्रस्तुति ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक पेश की। वहीं, योग के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर शारीरिक और मानसिक संतुलन का संदेश दिया। नक्शेदेखें
खेलों से होता है विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास: कुलपति
कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने अपने संबोधन में कहा कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना भी है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और क्षमताओं को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करता है। विद्यार्थियों को पूरे उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए। जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास है।

खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व और सहयोग की भावना विकसित करते हैं: कुलसचिव
विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों की ऊर्जा, प्रतिभा और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है। शिक्षा के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक है।उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में सहयोग, नेतृत्व, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और नए लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने खेलोत्सव में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया।कार्यक्रम का संचालन आकृति रावत और यश मदान ने किया। खेलोत्सव आयोजन समिति के सचिव डॉ. एसपी जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

