Apple Smart Glasses अब चश्मे से बुक होगी कैब, रेस्टोरेंट मे खाना !

Apple Smart Glasses अब स्मार्टफोन के बाद स्मार्ट चश्मों की दुनिया में भी अपनी जगह बनाने की तैयारी कर रहा है. कंपनी अपने पहले Smart Glasses पर काम कर रही है, जिसमें Siri AI की अहम भूमिका होगी. इसकी मदद से यूजर बिना फोन निकाले कैब बुक करने, रेस्टोरेंट में टेबल रिजर्व करने, रास्ता पूछने और आसपास मौजूद चीजों की जानकारी हासिल करने जैसे काम कर सकेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple जून 2027 में WWDC इवेंट के दौरान इस चश्मे को पेश कर सकता है. इसके बाद इसे उसी साल के आखिर तक बाजार में उतारे जाने की उम्मीद है. इस तरह Apple का सीधा मुकाबला Meta के Ray-Ban Smart Glasses से होगा, जो पहले से बाजार में मौजूद हैं और भारत में भी काफी लोकप्रिय हो रहे हैं.

बिना फोन निकाले बोलकर कर सकेंगे कई काम Apple Smart Glasses

कल्पना कीजिए कि आप सड़क पर जा रहे हैं और सामने कोई मशहूर इमारत दिखाई देती है. ऐसे में आपको उसका नाम जानने के लिए फोन निकालकर Google पर सर्च करने की जरूरत नहीं होगी. आप सीधे अपने स्मार्ट चश्मे से पूछ सकेंगे कि सामने कौन सी इमारत है. चश्मे में लगे कैमरे आसपास की चीजों को देखेंगे और Siri आपको जवाब देने की कोशिश करेगी. इसी तरह कहीं जाने के लिए रास्ता पूछना हो, आसपास अच्छे रेस्टोरेंट की जानकारी लेनी हो या कैब बुक करनी हो, तो ये काम भी आवाज के जरिए किए जा सकेंगे.

Apple Smart Glasses में क्या होगा खास?

Apple सिर्फ कैमरा और स्पीकर वाला चश्मा नहीं बनाना चाहता. कंपनी की योजना इसे एक ऐसे स्मार्ट डिवाइस के रूप में तैयार करने की है, जो Siri AI की मदद से यूजर के आसपास की दुनिया को समझ सके और iPhone में मौजूद ऐप्स के जरिए उसके काम भी कर सके. इस प्रोजेक्ट की जानकारी Bloomberg के मार्क गुरमन की रिपोर्ट से सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, Apple के स्मार्ट चश्मे का कोडनेम N50 है. कंपनी इसके हार्डवेयर डिजाइन को लगभग तय कर चुकी है, जबकि AI और सॉफ्टवेयर से जुड़े काम अभी जारी हैं.

iPhone के ऐप्स से चलेगा स्मार्ट चश्मे का सिस्टम

Apple Smart Glasses की एक खास बात यह हो सकती है कि इसमें ऐप्स सीधे चश्मे पर नहीं चलेंगे. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी चाहती है कि डेवलपर्स अपने मौजूदा iPhone ऐप्स को Siri AI के साथ जोड़ें. इसके बाद यूजर चश्मे से बोलकर उन ऐप्स के जरूरी फीचर्स इस्तेमाल कर सकेगा. मान लीजिए आपके iPhone में कैब बुकिंग ऐप मौजूद है. अगर उस ऐप का डेवलपर उसके जरूरी फीचर्स Siri के लिए उपलब्ध कराता है, तो आप चश्मे से कैब बुक करने का निर्देश दे सकेंगे. इसके लिए चश्मे में अलग से कैब ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी.

Meta Ray-Ban से पतला हो सकता है Apple का चश्मा

Apple अपने स्मार्ट चश्मे के डिजाइन पर भी खास ध्यान दे रहा है.  रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के मौजूदा प्रोटोटाइप Meta Ray-Ban की दूसरी पीढ़ी के चश्मों से थोड़े पतले हैं. कैमरों को फ्रेम में इस तरह फिट किया जा रहा है कि वे बाहर निकले हुए नजर न आएं. कुछ प्रोटोटाइप में कैमरे के लिए अंडाकार आकार के हिस्से बनाए गए हैं. इससे चश्मे का लुक सामान्य आईवियर जैसा रह सकता है. इसमें स्पीकर भी दिए जाएंगे, जिनकी मदद से यूजर म्यूजिक सुन सकेगा, फोन कॉल कर सकेगा और FaceTime Audio का इस्तेमाल कर सकेगा. चार्जिंग के लिए कंपनी एक खास मैग्नेटिक कनेक्टर की टेस्टिंग कर रही है. इसे चश्मे के बाएं हिस्से में लगाया जा सकता है. प्रोटोटाइप में तीन पिन वाला छोटा चार्जिंग कनेक्टर देखा गया है.

क्या Apple Smart Glasses से बढ़ेगा प्राइवेसी का खतरा?

कैमरे वाले स्मार्ट चश्मों के साथ प्राइवेसी का सवाल भी जुड़ा हुआ है. अगर कोई व्यक्ति चश्मा पहनकर वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है, तो आसपास मौजूद लोगों को कैसे पता चलेगा कि उनकी तस्वीर या वीडियो बनाया जा रहा है? Meta के स्मार्ट चश्मों को लेकर भी इस तरह की चिंताएं सामने आती रही हैं.रिपोर्ट के मुताबिक, Apple अपने प्रोटोटाइप में फ्रंट कैमरा इंडिकेटर लाइट दे रहा है. यह लाइट बताएगी कि कैमरा इस्तेमाल हो रहा है या चश्मा चार्ज हो रहा है. कंपनी दूसरे प्राइवेसी फीचर्स पर भी काम कर रही है. इनमें कैमरे के इस्तेमाल की जानकारी देने और रिकॉर्डिंग से जुड़े कुछ नियंत्रण शामिल हो सकते हैं. हालांकि, इन सुविधाओं का पूरा ब्योरा अभी सामने नहीं आया है. यह देखना भी अहम होगा कि Apple रिकॉर्डिंग को लेकर क्या नियम बनाता है और आसपास मौजूद लोगों की निजता का ध्यान रखने के लिए क्या इंतजाम करता है.