Bengaluru Cat Dispute इंसानों के झगड़े तो आपने बहुत देखे होंगे, जमीन, पैसा, गाड़ी…लेकिन क्या कभी बिल्ले के बाप बनने पर दो परिवारों को झगड़ते देखा है? जी हां, ये कोई कॉमेडी शो नहीं बल्कि असली घटना है, जहां एक नर बिल्ली ने ऐसा “कारनामा” कर दिया कि दो पड़ोसी आमने-सामने आ गए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों परिवार ऐसे भिड़े नजर आ रहे हैं जैसे कोई फैमिली कोर्ट चल रहा हो. हालात ये हो गए कि पुलिस को बीच में आकर ये समझाना पड़ा कि भाई ये बिल्ली है, कोई लीगल केस नहीं.
बिल्ले ने किया काण्ड , भिड़े पडोसी Bengaluru Cat Dispute

बेंगलुरु में एक शख्स की मेल कैट ने पड़ोसी की फीमेल कैट को प्रेग्नेंट कर दिया. कुछ समय बाद फीमेल कैट ने चार प्यारे-प्यारे बच्चों को जन्म दिया, लेकिन असली ड्रामा यहीं से शुरू हुआ. फीमेल कैट के मालिक सीधे पड़ोसी के घर पहुंचे और बोले “ये तुम्हारे कैट के बच्चे हैं, अब इन्हें तुम ही पालो.” अब दूसरी तरफ वाले भी कम नहीं थे, उन्होंने साफ मना कर दिया “भाई, बिल्ली तुम्हारी थी, जिम्मेदारी भी तुम्हारी.” बस फिर क्या था, बात बहस से झगड़े में बदल गई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों पड़ोसी एक-दूसरे से बहस करते दिखाई दे रहे हैं. आवाजें तेज, चेहरे गरम और मुद्दा…बिल्ली के बच्चे. आसपास के लोग भी तमाशा देखने जुट गए. मामला इतना बढ़ गया कि किसी ने पुलिस को फोन कर दिया.

पुलिस भी रह गई कन्फ्यूज
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पहले तो उन्हें समझ ही नहीं आया कि मामला क्या है. फिर जब पूरी कहानी पता चली तो उन्होंने दोनों पक्षों को शांत कराया और साफ कहा कि किसी पर भी बिल्ली के बच्चों को पालने का दबाव नहीं डाला जा सकता. आखिर में दोनों पक्ष इस बात पर राजी हुए कि इन किटन्स को किसी तीसरे घर में शिफ्ट कर दिया जाए.वीडियो को सोशल मीडिया पर अलग अलग प्लेटफॉर्म से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा “पहली बार सुना है कि बाप का केस बिल्ली पर चल रहा है.” दूसरे ने लिखा “अब तो बिल्ली भी DNA टेस्ट कराएगी क्या?” वहीं एक और यूजर बोला “ये इंसानों से ज्यादा एडवांस फैमिली ड्रामा है.” वाकई में बिल्ले ने कांड कर दिया।

जान लीजिये क्या था पूरा विवाद
विवाद की शुरुआत तब हुई जब मादा बिल्ली ने चार स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। बच्चों के जन्म लेते ही मादा बिल्ली के मालिक उन्हें लेकर सीधे पड़ोसी के घर पहुँच गए। उनका तर्क था कि चूंकि बच्चों का ‘पिता’ (बिल्ला) पड़ोसी का पालतू है, इसलिए अब इन बच्चों के पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी भी पड़ोसी की ही बनती है। बिल्ली के मालिक का कहना था कि वे इन नवजात बच्चों का भार नहीं उठा सकते। दूसरी ओर, बिल्ले के मालिक ने इस जिम्मेदारी को लेने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि बिल्ली जिसकी है, बच्चे पालने का जिम्मा भी उसी का होना चाहिए। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज और शोर-शराबे तक पहुँच गया। स्थिति को बिगड़ता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

