Koshyari on Harish Rawat पहाड़ में सियासत के दो बड़े दिग्गज एक साथ मिले तो पुराने दिन याद आ गए। एक दूसरे पर सियासी बाण छोड़ने वाले खांटी उत्तराखंडी हरदा और कोश्यारी भी एकसाथ भाइयों की तरह मिले तो गुफ्तगू बेहद पारिवारिक भी हुई। दिल्ली में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से मुलाकात की और उनकी सेहत का हाल-चाल जाना। हाल ही में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हरीश रावत का हाल पूछने पहुँचे भगत सिंह कोश्यारी ने उनसे बड़े ही आत्मीय माहौल में बातचीत की
जल्द ठीक होने की कामना Koshyari on Harish Rawat

इस मुलाकात के दौरान केवल स्वास्थ्य पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि दोनों वरिष्ठ नेताओं ने उत्तराखंड के समसामयिक और महत्वपूर्ण विषयों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया। उत्तराखंड राज्य निर्माण के दौर से लेकर अब तक की यात्रा के प्रत्यक्षदर्शी रहे दोनों दिग्गजों ने प्रदेश के विकास, जनसरोकारों और वर्तमान परिस्थितियों पर अपने अनुभव और विचार साझा किए।

उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, इस दौरान हरीश रावत को ‘उत्तराखण्ड हाउस ऑफ हिमालय’ की ओर से राज्य की खास धरोहर बद्री गाय का शुद्ध घी और जैविक शहद भेंट किया गया। दोनों नेताओं ने प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान मिलने पर प्रसन्नता भी व्यक्त की।

भगत सिंह कोश्यारी ने हरीश रावत के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा:“हरीश रावत जी राज्य के समर्पित नेता हैं। ईश्वर उन्हें शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ करे ताकि वे अपनी पूरी ऊर्जा के साथ पुनः जनसेवा और प्रदेश हित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।” उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के दो प्रमुख स्तंभ माने जाने वाले इन दोनों दिग्गजों की इस मुलाकात की तस्वीरें राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं और लोग दोनों के बीच की इस राजनीतिक परिपक्वता व आत्मीयता की सराहना कर रहे हैं।

