Budget Session उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में आगामी 9 से 13 मार्च तक बजट सत्र आयोजित किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने सत्र की तिथियों की औपचारिक घोषणा की गई थी । इस संबंध में विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग ने विधानसभा सचिवालय को पत्र भेज दिया है। अब राज्यपाल की अनुमति मिलने के बाद बजट सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है ।

आपको बता दें कि पिछले वर्ष भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मरम्मत कार्य चलने के कारण बजट सत्र देहरादून स्थित विधानसभा भवन में आयोजित किया गया था। इस बार सरकार ने परंपरा के अनुरूप बजट सत्र गैरसैंण में कराने का निर्णय लिया है। इससे पर्वतीय क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होंगी और स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं को भी बल मिलेगा। कैबिनेट ने बजट सत्र की तिथि और स्थान तय करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया था। मुख्यमंत्री ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि बजट सत्र गैरसैंण में ही आहूत किया जाएगा। इसके बाद सरकार की ओर से 9 से 13 मार्च की तिथियां तय कर आधिकारिक घोषणा कर दी गई थी। विधानसभा सचिवालय को अब तक पक्ष और विपक्ष के विधायकों की ओर से 500 से अधिक प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। सत्र शुरू होने में अभी समय शेष है, ऐसे में प्रश्नों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार आगामी वित्तीय वर्ष का बजट प्रस्तुत करेगी, जिस पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके अलावा सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण विधेयक, वार्षिक प्रतिवेदन और विभिन्न विभागों की रिपोर्टें भी सदन पटल पर रखी जाएंगी। राजनीतिक दृष्टि से यह सत्र अहम माना जा रहा है। विपक्ष जहां महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी में है, वहीं सरकार अपनी उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका सदन के समक्ष प्रस्तुत करेगी। गैरसैंण में होने वाला यह बजट सत्र एक बार फिर राज्य की स्थायी राजधानी के सवाल को भी चर्चा में ला सकता है।

