Chamoli Police पुलिस ने खोजा क्रिकेट बैट ! बच्चा बोला थैंक्यू

गोपेश्वर पुलिस ने लौटाई मासूम के चेहरे की मुस्कान

सीसीटीवी की मदद से खोज निकाला खोया क्रिकेट बैट

बच्चे की छोटी-सी परेशानी को पुलिस ने समझा अपनी जिम्मेदारी, हर तरफ हो रही सराहना।

Chamoli Police उत्तराखंड पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं संभालती, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोगों की खुशियों का भी ख्याल रखती है।

गोपेश्वर के कुंजौ मैकोट निवासी मासूम रविन्द्र सिंह बिष्ट का क्रिकेट बैट स्कूटी से जाते समय रास्ते में गिर गया था। पीछे से आ रहे एक वाहन चालक ने बैट उठाकर अपने वाहन में रख लिया। अपना पसंदीदा बैट खोने से मायूस बच्चा मदद की उम्मीद लेकर थाना गोपेश्वर पहुंचा।

बच्चे की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष नवनीत भण्डारी ने पुलिस टीम को तत्काल बैट की तलाश में लगाया। पुलिस ने नगर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बैट ले जाने वाले वाहन का पता लगाकर क्रिकेट बैट बरामद कर लिया।

जैसे ही रविन्द्र को उसका पसंदीदा बैट वापस मिला, उसके चेहरे पर खुशी लौट आई। मासूम की मुस्कान ने पुलिसकर्मियों के चेहरों पर भी संतोष और खुशी बिखेर दी।

गोपेश्वर पुलिस की यह पहल बताती है कि खाकी का असली मानवीय चेहरा सेवा, संवेदनशीलता और मदद के जज्बे में दिखाई देता है ..गोपेश्वर पुलिस के इस सराहनीय मानवीय प्रयास को शाइनिंग उत्तराखंड न्यूज का सलाम!