Pushkar Singh Dhami मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवप्रयाग के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सुलभ शौचालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शौचालय में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालय की साफ-सफाई एवं रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारी (ईओ) को शौचालय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो Pushkar Singh Dhami

उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना संबंधित विभागों एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि देवप्रयाग धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सार्वजनिक सुविधाओं का स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित होना आवश्यक है। विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित सार्वजनिक शौचालयों में साफ-सफाई और रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक शौचालयों सहित आमजन की सुविधा से जुड़े सभी स्थलों पर नियमित साफ-सफाई, उचित रखरखाव और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केवल जनसुविधाएं उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित संचालन और स्वच्छता बनाए रखना भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन एवं पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करना होगा।

