Dehradun Crime News पटाखों रोशनी और खुशियों के त्योहार दीपावली की रात हत्या की तीन घटनाएं रिश्तों के कत्ल का दुखद सत्य बता गयी । कहीं दोस्त कहीं मामा भांजा तो कहीं पिता पुत्र के रिश्ते कलंकित हो गए। पहली घटना में मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छात्रों के दो गुटों के बीच हुई लड़ाई में दून के निजी स्कूल के छात्र अर्श अंसारी (15) की मौत से दहशत फ़ैल गयी । रेसकोर्स के सूरी चौक में हुई इस दर्दनाक घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है। डालनवाला में दोस्त के घर दिवाली मनाने गए अर्श अंसारी का शव मोर्चरी में मिला। परिजनों ने कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। दूसरी घटना में रायपुर के तरला अधोईवाला में दीवार बनाने को लेकर हुए विवाद में गौरव की मौत हो गई। इस मामले में उसके मामा और मामा के बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं तीसरी वारदात में राजपुर के चलांग कुल्हन में पारिवारिक विवाद के बाद बेटे ने पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों घटनाओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खुशियों की रात – कत्ल की 3 वारदात Dehradun Crime News

डालनवाला कोतवाली में नदीम अंसारी निवासी ई-43, केवल विहार, सहस्त्रधारा रोड ने नौ नवंबर को तहरीर दी कि आठ नवंबर को उनके बेटे अर्श अंसारी को उसका दोस्त श्रेयस ममगाईं निवासी नेहरू कॉलोनी ने दिवाली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था। रात में फोन करने पर बताया गया कि अर्श सुबह घर लौट आएगा।अगली सुबह सूचना दी कि अर्श का शव मोर्चरी में है। परिजन मोर्चरी पहुंचे तो अर्श के शरीर पर चोट और चाकू के वार के निशान मिले। पिता ने श्रेयस और उसके दोस्तों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 189/2026 दर्ज किया है। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत जांच की जा रही है।मृतक डालनवाला के निजी स्कूल में पढ़ता था।घटना रेसकोर्स के सूरी चौक में हुए झगड़े के दौरान हुई। घटना के पीछे छात्रों की गुटीय जंग को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
न्याय की मांग-मृतक छात्र के पिता
अर्श सहस्रधारा रोड (केवल विहार) का रहने वाला था और कक्षा 10 का छात्र था। वह दीपावली की रात नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दोस्तों के साथ गया था। परिजनों का आरोप है कि सूरी चौक के पास कार के दरवाजे से किसी के पैर पर चोट लगने को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। देर रात हुई इस हत्याकांड के दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।आरोपी अर्श के शव को दून अस्पताल की मोर्चरी में छोड़कर फरार हो गए थे। पिता नदीम अंसारी की शिकायत पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दीवार बनाने को लेकर विवाद में भांजे की मौत
रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला में दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार नितिन कुमार निवासी तरला अधोईवाला और उसके बेटे रोहित का गौरव, मटरू, भोली और कमला के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान नितिन और रोहित पर गौरव के साथ घातक हथियार से हमला करने का आरोप है।पुलिस घायल गौरव और अन्य लोगों को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले गई। वहां उपचार के दौरान गौरव की मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय गौरव पुत्र स्वर्गीय चमनलाल बागड़ी निवासी मोहनी रोड, डालनवाला के रूप में हुई। जांच में पता चला कि गौरव आरोपी नितिन का भांजा था।

घटना में घायल रोहित उर्फ भोली और कमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मृतक के परिजन करण कुमार की तहरीर पर पुलिस ने नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित के खिलाफ मुकदमा संख्या 467/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल और फील्ड यूनिट की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
बेटे ने पिता पर चाकू से किया हमला, अस्पताल में मौत
राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन में पारिवारिक विवाद के बाद बेटे ने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस को नौ नवंबर को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली।पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल भेजा। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि 35 वर्षीय नितिन राणा पुत्र मदन राणा का किसी बात को लेकर अपने पिता से विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने पिता पर चाकू से वार कर दिया।पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए। आरोपी नितिन राणा को मौके से हिरासत में ले लिया गया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। खबर मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है।

