Dehradun Crime News उत्तराखंड सचिवालय में तैनात एक निजी सचिव की पत्नी की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई है। आरोप है कि पति ने दहेज के लिए शिक्षिका पत्नी की हत्या कर दी। इस मामले में पति समेत 3 लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है।घटना हर्रवाला चौकी के अंतर्गत की है, जहां विवाह के महज आठ महीने बाद शिक्षिका के पद पर तैनात सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
बहू की संदिग्ध मौत , मनहूस कहने वाले ससुरालियो पर केस दर्ज Dehradun Crime News

पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर -श्रीकोट निवासी सृष्टि कंडारी पेशे से सरकारी शिक्षिका थीं, उसका विवाह नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला के रहने वाले सौरभ खत्री से हुआ था। सौरभ खत्री उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है। सृष्टि की 29 जुलाई को रहस्यमय तरीके से मौत हो गयी थी। सृष्टि की मां सीमा कंडारी की तहरीर पर डोईवाला थाने में बीएनएस की धारा 80 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि शादी के बाद से सृष्टि को दहेज और अन्य कारणों को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। उसे मनहूस कहकर अपमानित किया जाता था। तहरीर के अनुसार, ससुराल पक्ष द्वारा सृष्टि से कहा जाता था कि उसके घर आने के बाद परिवार में अशुभ घटनाएं होने लगी हैं और उसके कारण ही परिवार के एक सदस्य की मृत्यु हुई।

मृतका की मां का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बेटी की मौत की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी. पूछने पर उन्होंने कहा कि वे इतने व्यस्त थे कि फोन नहीं कर सके. परिवार का आरोप है कि सृष्टि की मौत के लिए उसका ससुराल पक्ष जिम्मेदार है. साथ ही शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया था. आरोप है कि किसी पंडित की सलाह के बाद ससुराल वालों ने सृष्टि को अपशकुनी मान लिया और उसे ‘मनहूस’ कहकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. घटना से तीन दिन पहले सृष्टि के ससुर का भी निधन हो गया था, जिसके बाद उस पर मानसिक दबाव और बढ़ गया.
डोईवाला सीओ वंदना वर्मा ने बताया है कि डोईवाला थाना पुलिस ने मृतका के पति सौरभ रतूड़ी, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों ने मिलकर सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके कारण उसकी मौत हुई. साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.खबर मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है हम इसके फैक्ट्स की पुष्टि नहीं करते हैं।

