Uttarakhand Election 2027 उत्तराखंड की धर्मपुर विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर राजनीतिक संघर्ष गहराता जा रहा है। टिकट किसी को मिला नहीं लेकिन कोई महिला दावेदारी तो कोई युवा दावेदार बनकर आमने सामने खड़े है होर्डिंगों और प्रचार में एक दूसरे में ही होड़ लगा रहे हैं। वहीँ भाजपा और उसके मौजूदा मजबूत किलेदार विनोद दूर से ही इस नूराकुश्ती को देख कर मुस्कुरा रहे हैं।
धर्मपुर में कांग्रेस दावेदारों की बढ़ रही फौज Uttarakhand Election 2027

दरअसल न किसी का अभी पार्टी ने टिकट घोषित किया है और न कोई खुद को ही असली दावेदार बताने की स्थिति में है लेकिन पानी की तरह पैसा बहाकर ये कॉंग्रेसी नेता अभी से खुद को सबसे आगे बताने में मशगूल हैं। कांग्रेस महिला की प्रदेश अध्यक्ष तो बीते कई महीनों से निजी चुनाव में ऎसी उलझी हैं कि प्रदेश स्तर पर महिला कांग्रेस को चुनाव के लिए तैयार करने की ज़िम्मेदारी को किनारे करती दिख रही हैं ,हां राजधानी में कभी कभी पुतला दहन और प्रदर्शन में जरूर दिख जाती हैं। यही कमोवेश हाल अन्य दावेदारों का भी है जो निजी चुनाव की आस में पार्टी संगठन कम ही दिखा रहे हैं।

ज्योति रौतेला के सामने टिकट और सपोर्ट की चुनौती !
मजबूत संगठन और एकजुट भाजपा के सामने धर्मपुर सीट पर कांग्रेस की ओर से दावेदारी करने वाले नेताओं की संख्या बढ़ने के बीच प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला की सक्रियता पर संकट के सियासी बादल मंडरा रहे हैं वही होर्डिंग बैनर और सोशल मीडिया में दावेदारों की भीड़ ज्योति की उम्मीद को धुँधला करने में जुटी हुई है। पार्टी के भीतर टिकट को लेकर संभावित प्रतिस्पर्धा और स्थानीय नेताओं की सक्रियता आने वाले दिनों में संगठन और महिला कॉंग्रेस अध्यक्ष ज्योति के लिए एक कठिन चुनौती बनती दिख रही है।

धर्मपुर में कई चेहरे ठोक रहे ताल
धर्मपुर विधानसभा सीट पर ज्योति रौतेला के अलावा वैभव वालिया, संदीप चमोली, हरि प्रसाद भट्ट और याकूब सिद्दीकी जैसे नाम भी टिकट की दावेदारी में सामने आए हैं। इसके अतिरिक्त सुरेंद्र रांगड़ की सक्रियता और अन्य स्थानीय नेताओं की दावेदारी ने भी राजनीतिक चर्चाओं को गति दी है। ज्योति रौतेला ने फरवरी 2026 में धर्मपुर से अपनी दावेदारी सार्वजनिक की थी। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उनकी दावेदारी को संगठनात्मक पहचान भी हासिल है। लेकिन उनके ऊपर एक बड़े पद की ज़िम्मेदारी भी है जो उनकी निजी चुनावी व्यस्तता में पिछड़ती नजर आ रही है।

दावेदारों की भीड़ बनेगी चुनौती या ताकत ?
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस धर्मपुर में टिकट वितरण के बाद सभी दावेदारों को एक मंच पर लाने में कितनी सफल होगी। यदि टिकट की दौड़ में शामिल नेताओं के बीच आपसी सहमति नहीं बनती और समर्थक अलग-अलग खेमों में बंटे रहते हैं, तो इसका असर पार्टी की चुनावी तैयारियों पर पड़ सकता है।वहीं,अगर ज्योति रौतेला को टिकट मिलता भी है तो उनके सामने भी केवल महिला कांग्रेस अध्यक्ष की पहचान पर्याप्त नहीं होगी। उन्हें क्षेत्र में अपनी व्यक्तिगत राजनीतिक पकड़, स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद और जनसमर्थन को लेकर अपनी स्थिति मजबूत करनी होगी।
टिकट के बाद एकजुटता होगी असली परीक्षा
धर्मपुर में कांग्रेस के लिए चुनौती केवल उम्मीदवार घोषित करने तक सीमित नहीं है। असली परीक्षा टिकट वितरण के बाद शुरू होगी। पार्टी जिस भी चेहरे पर दांव लगाएगी, उसे अन्य दावेदारों और उनके समर्थकों को साथ लेकर चलना होगा।बड़ा सवाल यही है कि क्या धर्मपुर में कांग्रेस ज्योति रौतेला के नाम पर एकजुट होगी या टिकट की खींचतान पार्टी के सामने नई मुश्किलें खड़ी करेगी ? 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले धर्मपुर की कांग्रेस राजनीति में दावेदारों की बढ़ती संख्या ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। फिलहाल किसी भी दावेदार की राजनीतिक स्थिति या चुनावी नतीजे को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी।

