Fraud Baba Viral जल्दी और शॉर्टकट तरीके से अमीर बनने का लालच अच्छे-अच्छों का दिमाग फेर देता है. इसी का फायदा उठाकर कई फ्रॉड तांत्रिक-बाबा मासूम लोगों से अच्छी खासी मोटी रकम ऐंठ लेते हैं. हाल ही में ऐसे ही एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसने पुलिस प्रशासन को भी चौंका दिया. आपको जानकर हैरानी होगी कि हैदराबाद पुलिस ने एक तांत्रिक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लोगों को खजाने का लालच देकर पैस लूट लेता था. आरोप है कि इस गिरोह ने 11 लोगों से करीब 1 करोड़ रुपये ठग लिए.
गुप्त खजाने का देता था लालच fraud baba viral

घर के नीचे दबे गुप्त खजाने का लालच देकर इस गिरोह ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया और करोड़ों रुपये ऐंठ लिए. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से नकली सोने के सिक्के, कोयला और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाली सामग्री समेत कई सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को तांत्रिक और बाबा के रूप में पेश करते थे. लोगों को बताया जाता था कि उनके घर या जमीन के नीचे छिपा हुआ खजाना दबा हुआ है. ये गिरोह लोगों को सोना-चांदी और कीमती सामान मिलने का लालच देता था.

जांच में पुलिस को इस ठगी के तरीके के बारे में भी अहम जानकारी मिली है. गिरोह के सदस्य पहले ही जमीन के नीचे नकली सोने के सिक्के और कोयला दबा देते थे. इसके बाद पीड़ितों को बताया जाता था कि जमीन के नीचे खजाना मौजूद है. गिरोह के लोग ये भी दावा करते थे कि जमीन के नीचे मिला कोयला कुछ टाइम बाद सोने में बदल जाएगा. पूजा-पाठ के झांसे में लेकर ये गिरोह पीड़ितों से मोटी रकम वसूलता था.

