देहरादून से अनीता तिवारी की रिपोर्ट –
Heat Wave In Dehradun खुशनुमा ठंढे मौसम के लिए सैलानियों की फेवरेट दून वैली इन दिनों भीषण गर्मी से झुलस रही है। बीते दिनों दून का अधिकतम तापमान सात डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 43.2 दर्ज किया गया। दून में पारा कभी इतना नहीं गया जितना 31 मई 2024 को रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग 1 जनवरी, 1867 से देहरादून में तापमान की गणना कर रहा है, जिसमें 43.2 डिग्री मई में अब तक का सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया है। शिवालिक पहाड़ियों से घिरी दून घाटी में मई के दूसरे सप्ताह से ही भीषण गर्मी और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं।
देहरादून में बना नया रिकॉर्ड Heat Wave In Dehradun
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि देहरादून में गर्मी ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहां मई महीने में पहली बार शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया, जो मई महीने का अबतक का सर्वाधिक तापमान है। उन्होंने बताया कि अभी तक का ऑल टाइम रिकॉर्ड 30 मई 2012 का दर्ज था, तब देहरादून में अधिकतम तापमान पिछले सारे रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
जौलीग्रांट में 43.6 डिग्री तक पहुंचा तापमान
बता दें कि झुलसा देने वाली गर्मी से देहरादून ही नहीं, अन्य शहर भी जूझ रहे हैं। इनमें मसूरी, रुड़की और पंतनगर भी शामिल है। देहरादून के जॉलीग्रांट में 43.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान नैनीताल के मुक्तेश्वर में 13.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आज मैदानी इलाकों में लू चलने की संभावना है। वहीं, कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली भी गिर सकती है। विभाग के मुताबिक, आज 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।