Helmet Expiry Date कहीं आपका हेलमेट यमराज न बन जाएं !

Helmet Expiry Date भारत की सड़कों पर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट सिर्फ ट्रैफिक पुलिस के चालान से बचने का जुगाड़ नहीं है, बल्कि यह आपकी जिंदगी बचाने वाली सबसे बड़ी और पहली सुरक्षा ढाल है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोटें सबसे ज्यादा जानलेवा साबित होती हैं और एक अच्छी क्वालिटी का हेलमेट ही आपको इससे बचा सकता है।लेकिन, भारत में एक आम धारणा है कि अगर हेलमेट बाहर से चमक रहा है और उसमें कोई टूट-फूट नहीं हुई है, तो वह जीवनभर चलेगा। यह एक बहुत बड़ी और खतरनाक गलतफहमी है। एक्सपर्ट्स और सेफ्टी स्टैंडर्ड्स के मुताबिक, हेलमेट की भी एक तय उम्र होती है, जिसके बाद वह आपको सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम हो जाता है।

5 साल बाद हेलमेट बन जाता है यमराज !Helmet Expiry Date

जी हां, यह बिल्कुल सच है कि हेलमेट भी एक समय के बाद एक्सपायर मान लिया जाता है। दुनिया भर के सेफ्टी एक्सपर्ट्स और हेलमेट निर्माता कंपनियों के मुताबिक, एक अच्छी क्वालिटी वाले हेलमेट की अधिकतम उम्र 3 से 5 साल के बीच होती है।

आखिर ऐसा क्यों होता है?

इसके पीछे एक वैज्ञानिक कारण है। हेलमेट मुख्य रूप से दो हिस्सों से बना होता है—बाहरी कठोर परत  और अंदर की मुलायम परत जिसे EPS  लाइनर कहा जाता है। यह सफेद रंग की थर्मोकोल जैसी परत ही असल में दुर्घटना के समय झटके (Shock) को सोखती है और आपके सिर की हड्डी को टूटने से बचाती है। समय के साथ, जब आप नियमित रूप से हेलमेट पहनते हैं, तो:

पसीना और नमी:
आपके सिर से निकलने वाला पसीना और नमी ईपीएस लाइनर (EPS Liner) के संपर्क में आती है।

बालों का तेल और केमिकल:
सिर में लगा तेल, हेयर जेल या अन्य केमिकल इस फोम वाली परत को धीरे-धीरे गलाना और कमजोर करना शुरू कर देते हैं।

पर्यावरणीय प्रभाव:
लगातार धूप, गर्मी और प्रदूषण के कारण फोम सिकुड़ने लगता है और कठोर हो जाता है।जब यह परत कठोर हो जाती है, तो यह एक्सीडेंट के दौरान झटके को सोखने की क्षमता खो देती है। ऐसे में झटके का पूरा असर सीधे आपके सिर पर पड़ता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है।

  • दुनिया के सबसे सुरक्षित और महंगे हेलमेट बनाने वाली कंपनियां भी इस 5 साल के नियम को मानती हैं।
  • अराई (Arai) – इस कंपनी का कहना है कि हेलमेट इस्तेमाल करने के 5 साल बाद उसे बदल देना चाहिए। अगर हेलमेट डिब्बे में बंद रखा है और इस्तेमाल नहीं भी हुआ है, तो भी मैन्युफैक्चरिंग डेट से 7 साल बाद उसकी वारंटी खत्म हो जाती है, क्योंकि फोम रखे-रखे भी खराब होता है।
  • शोई (Shoei) – यह कंपनी सलाह देती है कि खरीदने के 5 साल बाद नया हेलमेट ले लें, भले ही उसका अंदरूनी फोम देखने में कितना भी अच्छा क्यों न लग रहा हो।