IAS Prateek Jain रुद्रप्रयाग के युवा डीएम प्रतीक जैन का नया रूप सामने आया है। इस बार वो स्कूल में क्लास लेते दिखाई दिए और बच्चे भी बड़े उत्साहित नजर आये। पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज पौंठी के विद्यार्थियों में उस समय उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला जब जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन बिना पूर्व सूचना विद्यालय पहुंचे. विद्यालय पहुंचने पर जिलाधिकारी सीधे कक्षा में पहुंचे. यहां वे विद्यार्थियों के बीच बैठे. इसके बाद उन्होंने पढ़ाना शुरू किया. इस दौरान डीएम प्रतीक जैन ने बच्चों से बातचीत कर उनसे मन की बात भी की।
![]()
अक्सर अपनी रोचक गतिविधियों से जनता के बीच दिखाई देने वाले जिलाधिकारी प्रतीक जैन इस बार बच्चों को रचनात्मक एवं सरल विधियों से गणित, अंग्रेजी तथा अन्य विषयों को पढ़ाया. दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने गणितीय अवधारणाओं को सहज रूप में समझाया. जिससे विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई. कक्षा में बच्चों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रश्न पूछे तथा सीखने की प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लिया.

जिलाधिकारी ने बच्चों से कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना नहीं, बल्कि सोचने-समझने की क्षमता विकसित करना है. उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया. जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, शिक्षकों की भूमिका एवं पीएम श्री विद्यालय योजना के तहत संचालित गतिविधियों की सराहना करते की. उन्होंने कहा सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मॉडल के रूप में विकसित करना है.
रुद्रप्रयाग डीएम प्रतीक जैन के इस सहज, प्रेरक एवं विद्यार्थियों से जुड़े दृष्टिकोण की सभी ने सराहना की. इस प्रकार के संवाद बच्चों के मनोबल को बढ़ाते हैं. शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करते हैं. जिलाधिकारी ने अंत में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों से नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को निरंतर अपनाने का आह्वान किया.उत्तराखंड में आईएएस अफसरों की ऎसी तस्वीरें नयी नहीं है कई जिलों के डीएम तो बाकायदा सोशल मीडिया में अलग अलग वजहों से अक्सर छाये रहते हैं। अब इसको आप जो भी समझें लेकिन जनता को अफसरों का ये रूप पसंद आ रहा है।

अब आपको बता दें कि आईएएस प्रतीक जैन का क्या परिचय है। रुद्रप्रयाग जिले के अब तक के सबसे जवान जिलाधिकारी प्रतीक जैन का जन्म राजस्थान के अजमेर में हुआ. 25 जुलाई 1993 में जन्मे प्रतीक जैन 2018 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. आईएएस बनने से पहले भी वो कई प्रशानिक परीक्षाओं को पास कर चुके थे. उनके पास जेएनयू से पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स डिग्री भी है. प्रतीक हरिद्वार जिले के सीडीओ भी रह चुके हैं… उम्मीद की जानी चाहिए की जनता को ऐसे अफसरों से उनकी समस्याओं से राहत भी जरूर मिलेगी।

