Ice Skating Championship हिमाद्रि आइस रिंक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप

Ice Skating Championship खेल मंत्री रेखा आर्या रविवार को हिमाद्रि आइस रिंक में आयोजित 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए पहुंचीं।मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल पर्यटन के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि शीतकालीन खेलों के लिए भी देश और दुनिया के नक्शे पर अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाद्रि आइस रिंक भारत का एकमात्र और सबसे आधुनिक विश्वस्तरीय इनडोर आइस रिंक है, जो राज्य की खेल क्षमताओं को नई दिशा देने का काम कर रहा है।

Ice Skating Championship

उन्होंने कहा कि 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप में देश के 21 राज्यों से 500 से अधिक युवा एथलीट प्रतिभाग कर रहे हैं। खिलाड़ी शॉर्ट ट्रैक और फिगर स्केटिंग जैसी ओलंपिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह आयोजन देश में आइस स्केटिंग को बढ़ावा देने के साथ ही उत्तराखंड को बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए सक्षम राज्य के रूप में स्थापित करेगा।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। साथ ही नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं को ‘आउट ऑफ टर्म’ नौकरी देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ी आजीविका की चिंता से मुक्त होकर अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को पारंपरिक पर्यटन के साथ-साथ आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मंत्री ने आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।