Instagram Love Guru Scam अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने एक संगठित ऑनलाइन ठगी और ब्लैकमेलिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी राजनीश गोविंदलाल भार्गव ने इंस्टाग्राम पर ‘ज्योतिष पूजा किन्नर गुरुमा’ की फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं को प्रेम, विवाह और वैवाहिक समस्याओं के समाधान का झांसा देकर ठगी और ब्लैकमेलिंग की। शिकायत दर्ज होने के 7 दिन के भीतर आरोपी को राजस्थान के बीकानेर से गिरफ्तार कर 4 दिन का रिमांड प्राप्त किया गया है।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में CR No. 11191067260073/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 77, 78(2), 308(2), 318(4), 351(2), 61(2) तथा IT एक्ट की धारा 66(D) और 67 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
इन नामों से इंस्टाग्राम पर अकाउंट Instagram Love Guru Scam

आरोपियों ने सोशल मीडिया पर “astrologer_pooja_kinnar_maa”, “kinnargurumatasushilaji”, “kinnar maa santoshdevi” और “astrotalk with bheravial” जैसी कई फर्जी इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी बनाईं। इन पर खुद को किन्नर ज्योतिषी बताकर अपनी पुरुष पहचान छुपाई गई। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विज्ञापनों के जरिए मुख्यतः महिलाओं को निशाना बनाया जाता था। प्रतिदिन करीब 300 महिलाओं से संपर्क किया जाता था और प्रतिदिन 60 से 65 पीड़ितों से पूजा-विधि के नाम पर ₹3,000 से ₹15,000 तक वसूले जाते थे।

शुद्धिकरण के लिए बनवाये अश्लील वीडियो
पीड़ित महिलाओं का विश्वास जीतकर पूजा-विधि के बहाने उनकी व्यक्तिगत जानकारी और फोटो मंगाए जाते थे। इन फोटो को एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर महिलाओं को मानसिक दबाव में लाया जाता था। इसके बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर “शुद्धिकरण विधि” के नाम पर पीड़ितों को अश्लील वीडियो बनाने पर मजबूर किया जाता था और स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली जाती थी। बाद में वही फोटो और वीडियो “वन व्यू” मोड में पीड़ित को भेजकर अधिक पैसों की मांग की जाती थी। मना करने पर सोशल मीडिया पर सामग्री वायरल करने की धमकी दी जाती थी।

वर्तमान मामले में पीड़ित से कुल ₹1,43,951 की ठगी अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से की गई। गिरोह के बैंक खातों की जांच में पिछले 2 से 2.5 वर्षों में करीब ₹40 से 60 लाख के लेनदेन सामने आए हैं। जांच में कुल 4 बैंक खाते मिले हैं, Axis Bank, Bank of Baroda और State Bank of India के दो खाते। इन खातों के विरुद्ध NCRP पोर्टल पर विभिन्न राज्यों में 8 साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें पहले से दर्ज हैं।

