Doon Police एक साल बाद आखिरकार पीड़िता नितिशा वत्स को उनका चोरी हुआ लाखों का गहना मिल ही गया। मामला बड़ा दिलचस्प है जो आपके लिए भी एक सबक हो सकता है। देहरादून के सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क में रहने वाली नीतीशा ने थाना राजपुर पर एक रिपोर्ट लिखवाई कि करीब 1 साल पहले उनके द्वारा अपने घर में रखे हीरे व अन्य आभूषणों को ढूंढने का प्रयास किया गया तो वे घर पर कहीं नहीं मिले जिस पर उन्हें लगा कि उनके द्वारा उक्त आभूषणों को या तो अपने किसी रिश्तेदार को दे दिया है या कहीं ऐसे जगह रख दिया है जो उन्हें याद नहीं आ रहा है। किन्तु तब उन्हें बिल्कुल भी शक नहीं था कि उनके आभूषण किसी ने चुरा लिए हैं।
इंस्टाग्राम पर चोरी के हीरे के हार पहन वीडियो बनाना पड़ा भारी Doon Police

कुछ दिन पूर्व उनके किसी परिचित ने उन्हें बताया गया कि एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में हीरे का हार के साथ अपनी एक फोटो लगाई है जो उनके खोये/चोरी गए हीरे के हार से मिलता जुलता है। जिस पर उनके द्वारा फोटो को चैक किया गया तो वो फोटो उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की थी और उसके द्वारा फोटो में पहने गये आभूषण उनके खोये हुए आभूषणों से हूबहू मिलते जुलते थे। उन्हें शक है कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका द्वारा ही आभूषणों को घर से चोरी किया गया है। इस शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में केस दर्ज किया गया।
चोरनी महिला की एक गलती ने पहुंचा दिया सलाखों के पीछे
घटना के खुलासे और अपराधी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दिये गये निर्देशों पर तुरंत थाना राजपुर उ०नि० पी०डी० भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर ने एक पुलिस टीम का गठन किया , इस पुलिस टीम ने घटना में संलिप्त अभियुक्ता के सम्बन्ध में जानकारी के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल महिला अभियुक्ता विमला को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार किया गया। जिसकी निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा घटना में चोरी किये गये हीरे व सोने के आभूषण बरामद किये गये।

नौकरानी ने मौका देखकर किया था महंगे आभूषणों पर हाथ साफ
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नितिशा के आईटी पार्क स्थित घर में घरेलू सहायिका का कार्य करती थी। घर के एक कमरे के लॉकर में काफी महंगे आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें वह अक्सर देखा करती थी, जिस कारण उसके मन में उन गहनो को चोरी कर लेने का लालच आ गया तथा करीब 1 वर्ष पूर्व उसके द्वारा मौका देखकर लॉकर से हीरे व सोने के कीमती आभूषण चुरा लिये। घर की मालकिन उस पर काफी भरोसा करती थीं, जिस कारण उन्हें उस पर शक नहीं हुआ तथा उसके द्वारा भी घर की मालकिन को अपने भरोसे में लेकर यकीन दिलाया कि उनके द्वारा गहनों को शायद कहीं अन्यत्र रख दिया है अथवा अपने किसी परिचित को दिया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद वह चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ आभूषणों को बेचना चाहती थी लेकिन हीरे व सोने के महंगे आभूषण होने के कारण वह बिक नहीं पाए। वह अब भी लगातार उन्हें बेचने का प्रयास कर रही थी पर अचानक इतने समय बाद वह पुलिस की गिरफ्त में कैसे आई यह उसे नहीं पता।

आरोपी के पास से जो गहने बरामद हुए उनमें 1 हीरे का हार , सोने का लॉकेट 2 सोने की अंगूठी , 1 सोने का पेंडल और मोबाइल फोन ओप्पो कंपनीशामिल है जिस बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए है। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 2500/- रुपए के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। आपको बता दें कि इस कामयाबी को हासिल करने वाली पुलिस टीम में टीम लीडर उ०नि० पी०डी० भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर , उ0नि0 अनित कुमार म0उ0नि0 ज्योति पवार, कां0 अमित , कां0 मोहित और हे0कां0 किरण कुमार (एसओजी) शामिल रहे।

