ISBT अब स्मार्ट सिटी को सुन्दर और क्लीन बनाने के लिए डीएम सविन बंसल ने खुद कमान सम्हाल ली है और उन्होंने सबसे पहले मुख्य द्वार अंतर्राज्यीय बस अड्डे को साफ़ करने का आदेश जारी किया है। इसके पहले डीएम बंसल अफसरों की पूरी टीम के साथ सड़कों पर उतरे और रिस्पना , कारगी होते हुए आईएसबीटी पहुंचे जहाँ बड़ी संख्या में झोपड़ियों और फुटपाथ पर रहने वाले कब्जेधारियों को देख हैरान रह गए क्योंकि यही वो स्पॉट है जहाँ से सैलानी और यात्री शहर की ओर जाते हैं और यहाँ फैली अव्यवस्थित तस्वीरों को देख डीएम बंसल ने तत्काल कई आदेश निर्देश मातहत अधिकारियों को दिए हैं। आपको बता दें कि शाइनिंग समाचार ने भी जिला प्रशासन के सामने इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा था वहीँ एमडीडीए ने भी आईएसबीटी पर बढ़ती अव्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों से पत्राचार भी किया था जिसके बाद आज ये बड़ा एक्शन देखने को मिला है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने किया आईएसबीटी का दौरा ISBT

सड़क किनारे झोपड़ी के लोग किए जाएंगे शिफ्ट
शहर को साफ़ सुथरा बनाने के उद्देश्य से डीएम और अन्य अधिकारीयों ने रिस्पना पुल से आईएसबीटी एवं लालपुल तक विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क, नालों, नदियों तथा सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कारगी चौक के समीप नाले एवं बिन्दाल नदी में गंदगी पाए जाने पर नगर निगम को तत्काल सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में जगह-जगह बने अवैध गार्बेज प्वाइंट को शीघ्र हटाने तथा भविष्य में पुनः कचरा न जमा हो, इसके लिए सतत निगरानी के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिए।
सड़क किनारे न दिखे कूड़े का ढेर – डीएम

जिलाधिकारी ने कारगी क्षेत्र में स्थित पुराने डम्पिंग जोन की पूर्ण रूप से सफाई कराते हुए उसे सुव्यवस्थित करने तथा डम्पिंग जोन के समीप सड़क किनारे चूहों द्वारा क्षतिग्रस्त कच्ची भूमि को मरम्मत कर सुरक्षित बनाने के निर्देश भी दिए। आईएसबीटी के समीप सड़क किनारे झोपड़ियां बनाकर रह रहे लोगों के कारण उत्पन्न स्वच्छता एवं यातायात अवरोध को देखते हुए जिलाधिकारी ने एमडीडीए एवं नगर निगम के अधिकारियों को ऐसे लोगों को नियमानुसार अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क किनारे सफाई व्यवस्था सुचारू रहे एवं यातायात व्यवस्था बाधित न हो।

शहर की सफाई व्यवस्था देखने निकले डीएम
जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को नालों एवं नालियों की नियमित एवं गहन सफाई सुनिश्चित करने, कचरा उठान व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने हेतु निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम नमामी बंसल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, संभागीय परिवहन अधिकारी अनिता चमोला सहित एमडीडीए एवं राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारी उपस्थित रहे।

