KGMU Ragging लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में MBBS प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है. सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कलाम सेंटर के सामने जूनियर छात्र-छात्राएं कतार में सिर झुकाकर खड़े नजर आए. आरोप है कि वहां से गुजर रहे सीनियर छात्रों को देखकर जूनियर छात्रों से ‘प्रणाम महोदय जी’ और जूनियर छात्राओं से सीनियर छात्राओं को ‘प्रणाम मैडम जी’ कहलवाया गया.
इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें जूनियर छात्र-छात्राएं एक लाइन में खड़े दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में जूनियर छात्र-छात्राएं सीनियर छात्रों के सामने आने पर वे सिर झुकाकर उनको प्रणाम करते दिखे. इस दौरान सीनियर छात्रों पर जूनियरों को डांटने और हिदायत देने के भी आरोप लगे हैं. बताया जा रहा है कि विरोध करने पर नए छात्रों को डांटा और डराया जाता है. इस वजह से वे लगातार दबाव में हैं.

घटना के दौरान कतार के आसपास कई सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे. कुछ लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए. जूनियर छात्र-छात्राओं के चेहरे पर घबराहट और डर साफ दिखाई दे रहा था. हालांकि, यह साफ नहीं हो सका है कि सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में यह सब कितनी देर तक चलता रहा.

मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग रोकने के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं. इसके बावजूद KGMU जैसे बड़े संस्थान में इस तरह का मामला सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है. नए छात्र पढ़ाई शुरू करने के साथ ही अगर सीनियरों के दबाव और डर में रहने को मजबूर हैं, तो इसका असर उनके माहौल और पढ़ाई पर भी पड़ सकता है.फिलहाल सामने आए आरोपों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान उपलब्ध नहीं है. मामले में प्रशासन की कार्रवाई और जांच से जुड़ी जानकारी का इंतजार है.हम खबर के फैक्ट्स की पुष्टि नहीं करते हैं इसके इनपुट्स सोशल मीडिया से लिए गए हैं

