Lifestyle Inflation लड़की ने बताया दौलतमंद बनने का फार्मूला

Lifestyle Inflation बेंगलुरु की एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा कड़वा सच शेयर किया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. डेलॉयट (Deloitte) और केपीएमजी (KPMG) जैसी बड़ी कंपनियों में काम कर चुकीं मीनल गोयल ने बताया है कि क्यों एक मोटी तनख्वाह भी आपको अमीर बनाने के लिए काफी नहीं है.मीनल गोयल ने लिंक्डइन पर अपने पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा, ‘जब मैं KPMG में हर महीने 1 लाख रुपए कमा रही थी, तब मुझे लगता था कि जिस दिन मैं साल के 1 करोड़ रुपए कमाने लगूंगी, मैं अमीर हो जाऊंगी. लेकिन मैं पूरी तरह गलत थी. उन्होंने समझाया कि जैसे-जैसे समय बीता, उन्हें समझ आया कि असली खेल मोटी सैलरी का नहीं, बल्कि फाइनेंशियल डिसिप्लिन का है. अगर आप पैसे को संभालना नहीं जानते, तो 1 करोड़ भी कम पड़ जाएंगे.

मीनल का अपना अनुभव- ‘जब मैं 1 लाख कमाती थी…’ Lifestyle Inflation

50 लाख कमाने वाले और 12 लाख कमाने वाले का अंतर

अपनी बात को साबित करने के लिए मीनल ने एक बहुत ही सटीक उदाहरण दिया. उन्होंने लिखा कि आज के समय में वो कई ऐसे सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स को देखती हैं जो साल का 50 लाख रुपए कमाते हैं, लेकिन उनकी बचत उन सरकारी कर्मचारियों से भी कम होती है जो साल का महज 12 लाख रुपए कमाते हैं. भारत की आबादी का केवल 0.16% हिस्सा (लगभग 23 लाख लोग) ही साल का 1 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाता है. लेकिन मीनल कहती हैं कि करोड़पति बनने के लिए 1 करोड़ की सैलरी होना बिल्कुल जरूरी नहीं है.

ये है अमीर बनने का सबसे बड़ा दुश्मन


मीनल के मुताबिक, अमीर न बन पाने की सबसे बड़ी वजह है लाइफस्टाइल इन्फ्लेशन (Lifestyle Inflation) यानी जैसे-जैसे सैलरी बढ़ती है, वैसे-वैसे हमारे खर्चे और शौक भी बढ़ जाते हैं. पहले लोग 20,000 रुपए के किराए के घर में खुश थे, सैलरी बढ़ते ही 70,000 रुपए के फ्लैट में शिफ्ट हो गए. एक्टिवा स्कूटर की जगह EMI पर चमचमाती BMW कार आ गई. घर के सादे खाने की जगह रोज Swiggy और Zomato से खाना ऑर्डर होने लगा. नतीजा यह होता है कि बढ़ी हुई सैलरी बैंक अकाउंट में दिखने से पहले ही गायब हो जाती है.

10 साल में कैसे बनें करोड़पति?


मीनल ने बताया कि बिना किसी IIT की डिग्री या बिना किसी अमीर माता-पिता के सपोर्ट के भी 1 करोड़ रुपए का फंड बनाया जा सकता है. अगर आपकी सैलरी में हर साल 10% की बढ़ोतरी हो और आप अपने पैसे को सही जगह इन्वेस्ट करके 12-15% का रिटर्न हासिल करें, तो 10 साल में 1 करोड़ रुपए की संपत्ति जमा करना बिल्कुल मुमकिन है. अगर आपके पास 1 करोड़ का फंड है, तो उससे हर महीने लगभग 1 लाख रुपए की पैसिव इनकम यानी बिना काम किए आने वाली कमाई हो सकती है, जो आपकी 60-70% EMI का बोझ उठा सकती है. इसी को असली आर्थिक आजादी कहते हैं.

इंटरनेट पर लोगों ने क्या कहा?

मीनल की इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और लोग इस पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, बिल्कुल सही. जैसे ही सैलरी बढ़े, खर्चा बढ़ाने से पहले अपनी SIP बढ़ा देनी चाहिए. दूसरे यूजर का कहना था, कमाई सिर्फ मौका देती है, लेकिन आप अमीर बनेंगे या नहीं, यह आपकी आदतों से तय होता है. मीनल ने भविष्यवाणी की है कि 2030 तक भारत में 1 करोड़ नए करोड़पति होंगे. लेकिन सवाल यह है कि क्या आप अपने खर्चों को कंट्रोल में रखकर उस लिस्ट में शामिल होना चाहते हैं?