Netra Kumbh 2027 आगामी हरिद्वार कुंभ-2027 के भव्य आयोजन की तैयारियों के बीच मानव सेवा के एक बड़े अभियान की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून के सभागार में आयोजित ‘नेत्र कुंभ-2027’ के शंखनाद कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने आयोजन के लिए ‘सक्षम’ (SAKSHAM) और सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सनातन संस्कृति की सेवा और परोपकार की परंपरा का जीवंत उदाहरण बताया।मुख्यमंत्री धामी ने जानकारी दी कि हरिद्वार कुंभ-2027 के दौरान 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय विशाल नेत्र चिकित्सा महाशिविर का आयोजन किया जाएगा। इस महाशिविर में सेवा के बड़े लक्ष्य तय किए गए हैं:
1.5 लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच Netra Kumbh 2027

1 लाख जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे
मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को पूर्ण आश्वासन दिया कि इस पुनीत कार्य की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में कुंभ केवल आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का महापर्व ही नहीं है, बल्कि यह सेवा और परोपकार का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में ‘नर सेवा को नारायण सेवा’ माना गया है और नेत्र कुंभ इसी भावना को धरातल पर साकार कर रहा है। आज भी बड़ी संख्या में लोग आर्थिक अभाव या चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण समय पर अपनी आंखों का इलाज नहीं करा पाते हैं, ऐसे में उन तक निःशुल्क चिकित्सा पहुंचाना अत्यंत सराहनीय है।

प्रयागराज से शुरू हुई सेवा यात्रा
सीएम धामी ने नेत्र कुंभ के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए बताया कि इस सेवा यात्रा की शुरुआत वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी सफल आयोजन हुए, जिनसे लाखों लोगों को लाभ मिला। अब हरिद्वार कुंभ-2027 में इस अभियान को और व्यापक विस्तार मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के दिव्य, भव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है तथा श्रद्धालुओं के सुगम यातायात और पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने चिकित्सा जगत, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
10 हजार नेत्र ऑपरेशन पूरी तरह मुफ्त किए जाएंगे
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखण्ड के प्रांत अध्यक्ष एवं प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

