Niti Extreme Ultra Run पहाड़ों में रोमांच की उड़ान देख लोग हैरान

Niti Extreme Ultra Run पहाड़ों के उबड़ खाबड़ खतरनाक रास्तों पर फर्राटा भरते जांबाज़ रोमांचक प्रतियोगिता और दांतों तले ऊँगली दबाते दर्शकों की तालियां …. ये नज़ारा दिखा सीमान्त चमोली की दुर्गम, सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नीति घाटी में जहाँ “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” का सफल आयोजन राज्य के साहसिक पर्यटन इतिहास में एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ है। 31 मई से 2 जून तक आयोजित इस भव्य आयोजन ने न केवल प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और साहस का परिचय दिया, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन विकास, स्थानीय सहभागिता और नागरिक-सैन्य समन्वय का एक प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का सफल आयोजन Niti Extreme Ultra Run


हिमालय की ऊँची चोटियों, बर्फीली हवाओं और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच आयोजित यह अल्ट्रा रन अपने आप में अद्वितीय रहा। नीति घाटी, जो लंबे समय तक केवल सामरिक दृष्टि से पहचानी जाती रही, अब साहसिक पर्यटन और उच्च हिमालयी खेल गतिविधियों के एक उभरते केंद्र के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है। इस आयोजन ने यह साबित किया कि सीमांत क्षेत्रों में भी विश्वस्तरीय एडवेंचर इवेंट सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सकते हैं। उत्तराखंड पर्यटन विभाग और भारतीय सेना के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


प्रतिभागियों को समुद्र तल से हजारों फीट ऊँचाई पर कम ऑक्सीजन, कठिन चढ़ाई, पथरीले मार्ग और लगातार बदलते मौसम जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन इन कठिन चुनौतियों के बावजूद प्रतिभागियों ने अदम्य साहस, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन के बीच उत्कृष्ट समन्वय रहा। सीमित संसाधनों और कठिन पहुंच वाले नीति घाटी क्षेत्र में भारतीय सेना ने आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेना द्वारा प्रतिभागियों के लिए टेंट व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा सहायता, मार्ग सुरक्षा, संचार नेटवर्क तथा आपातकालीन सहायता जैसी व्यवस्थाएं अत्यंत व्यवस्थित ढंग से संचालित की गईं।


नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का स्थानीय समुदाय पर भी अत्यंत सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रतिभागियों, पर्यटकों और आयोजन से जुड़े लोगों के कारण स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। होमस्टे संचालकों, स्थानीय दुकानदारों, परिवहन सेवाओं, भोजन व्यवस्थाओं और गाइड सेवाओं से जुड़े लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ। विशेष रूप से स्थानीय युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर एक सामुदायिक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।


यह आयोजन सीमांत गांवों में आत्मविश्वास और विकास की नई ऊर्जा लेकर आया है। स्थानीय लोगों ने महसूस किया कि उनके गांव और संस्कृति अब राष्ट्रीय मंच पर पहचान बना रहे हैं। इस आयोजन ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म की नई पहचान देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इससे स्थानीय लोगों के लिए स्थायी रोजगार के अवसर विकसित होंगे और सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को भी गति मिलेगी। भविष्य में इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित करने की भी व्यापक संभावनाएं हैं। नीति घाटी की प्राकृतिक भौगोलिक परिस्थितियां, हिमालयी ट्रैक, ऊँचाई और साहसिक वातावरण इसे वैश्विक स्तर के एडवेंचर स्पोर्ट्स आयोजन के लिए उपयुक्त बनाते हैं।