Parenting Tips बच्चों को जरूर सिखाएं ये 7 झूठ

Parenting Tips माता-पिता कभी नहीं चाहते कि बच्चे को कभी झूठ बोलना पड़े. लेकिन, ऐसी कुछ सिचुएशन हैं जहां बच्चा अगर सच कहता है तो उसकी जान खतरे में पड़ सकती है. इसी बारे में बताते हुए हरियाणा पुलिस के साइबर एक्सपर्ट साहिल खैरवाल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में पुलिस की सलाह है कि ऐसे कुछ झूठ हैं जो बच्चे को सिखाने जरूरी हैं जिससे कि बच्चेा खुद को सुरक्षित रख सके.

पुलिस की सलाह है कि अगर बच्चा घर पर अकेला हो और कोई अजनबी व्यक्ति घर का दरवाजा खटखटाकर पूछे कि मम्मी-पापा घर पर हैं तो बच्चे को उसे सच नहीं बताना चाहिए. बच्चे को कहना चाहिए कि मम्मी-पापा घर पर ही हैं. बच्चे को यह कभी नहीं कहना चाहिए कि घर पर कोई नहीं है.

अगर बच्चे को कोई रास्ते में लिफ्ट देने की कोशिश करे तो बच्चे को तुरंत दूर हटना है और चिल्लाना है. बच्चे को यह जोर से चिल्लाकर कहना है कि मेरे मम्मी पापा मुझे लेने आ रहे हैं. बच्चे को कहें कि उसे डरना नहीं है बल्कि आवाज उठानी है.

अगर कोई अनजान बच्चे को चॉक्लेट, खिलौना, मोबाइल या खाने की चीज देकर बहलाने की कोशिश करता है तो बच्चे को मना करके कहना चाहिए कि मेरे मम्मी-पापा पास ही हैं।

कोई व्यक्ति अगर कहता है कि यह बात मम्मी-पापा को नहीं बतानी है तो बच्चे को वहां मान लेना चाहिए लेकिन घर आकर हर बात मम्मी-पापा को जरूर बतानी है. ऐसा इसलिए क्योंकि गलत व्यक्ति सबसे पहले बच्चे को चुप कराने की कोशिश करते हैं।

अगर कोई व्यक्ति बच्चे से उसकी पर्सनल जानकारी मांगे जैसे घर का पता, स्कूल का नाम, मोबाइल नंबर या फिर परिवार की कोई जानकारी पूछे तो बच्चे को समझाएं कि अजनबी को कोई भी पर्सनल जानकारी नहीं देनी चाहिए।

बच्चे को सिखाएं कि अगर वह कहीं खो जाए तो किसी पुलिसकर्मी, महिला सिक्योरिटी या फिर फैमिली वाली आंटी से ही मदद मांगे. उसे कहें कि किसी अजनबी के साथ कभी अकेले ना जाए।

अगर कोई व्यक्ति बच्चे को जबरदस्ती पकड़ने की कोशिश करे या फिर उसे खींचना चाहे तो बच्चे को कहें कि वह पूरी ताकत से चिल्लाए और तुरंत भीड़ या किसी सुरक्षित जगह की तरफ भागना है।