pauri-road-accident उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सात महिलाएं शामिल बताई गई हैं।
उत्तराखंडं में भयंकर हादसा pauri-road-accident
भिक जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक समेत करीब 12 लोग सवार थे। ये महिलाएं रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली-भंगलवाण क्षेत्र की रहने वाली थीं और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं। बताया जा रहा है कि महिलाएं सरकार की बैणी-भुली योजना से संबंधित काम और बैंक की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए सिद्धखाल गई थीं। काम निपटाने के बाद सभी ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।

सभी मृतक भंगलवाण गांव के निवासी बताए गए हैं। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) शामिल हैं। एक गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक टीमें रवाना की गईं। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी मौके पर पहुंचीं। खाई में गिरे वाहन से लोगों को निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
![]()
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को भी कहा है।

