Police Video Viral आपने घूसखोर पुलिसवाले तो बहुत देखे सुने होंगे लेकिन यूपी के बागपत में इंसानियत और संवेदनशीलता का एक दिल छू लेने वाला वीडियो सामने आया है. जिले के एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने दिवाली से पहले ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है. गश्त के दौरान एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने एक रेहड़ी पर मिट्टी के दीये बिकते देखे. उन्होंने दीये खरीदने की इच्छा जताई और दुकानदार से दाम पूछा. दुकानदार ने सम्मानपूर्वक पैसे लेने से इनकार कर दिया, लेकिन एएसपी चौहान ने अपनी इंसानियत दिखाते हुए उसे 500 रुपए का नोट थमा दिया.
ASP प्रवीण सिंह चौहान की तारीफ कर रहे लोग Police Video Viral

वीडियो में एएसपी प्रवीण सिंह चौहान मुस्कुराते हुए दुकानदार से कहते हैं कि, अगर तुम पैसे नहीं लोगे तो मुझे पाप लगेगा. इस बात को सुनकर दुकानदार भावुक हो गया और आसपास मौजूद लोग भी इस दृश्य को देखकर प्रभावित हुए. किसी ने यह पल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और लोग एएसपी की दरियादिली की जमकर तारीफ करने लगे.

दिवाली पर बाजारों में रौनक
लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारी समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो न केवल कानून-व्यवस्था संभालते हैं, बल्कि मानवता की मिसाल भी पेश करते हैं. दिवाली के अवसर पर जहां बाजारों में रौनक है, वहीं एएसपी प्रवीण सिंह चौहान का यह छोटा-सा कदम गरीब दुकानदारों के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ले आया. सोशल मीडिया पर लोग एएसपी चौहान की प्रशंसा करते हुए लिख रहे हैं कि अगर हर अधिकारी में ऐसी संवेदना हो तो समाज में विश्वास और सम्मान दोनों बढ़ेगा. बागपत पुलिस विभाग के लिए यह गर्व का क्षण है कि उनके अधिकारी ने अपने व्यवहार से पुलिस की छवि को और ऊंचा किया है. यह वीडियो अब न केवल बागपत, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में प्रेरणा का विषय बना हुआ है, जो यह संदेश देता है कि इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है.

